नीट पेपर लीक मामले पर पटना में बवाल, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज; तेज प्रताप हिरासत में

HIGHLIGHTS
- नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
- प्रदर्शनकारियों के डाकबंगला चौराहे पहुंचने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
- बिहार बंद को देखते हुए राज्यभर में 70 हजार जवान तैनात किए गए, कई जिलों में स्कूल भी बंद रहे।
पटना। नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठन आइसा और राष्ट्रीय युवा आंदोलन के समर्थकों ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए। उनके समर्थन में तेज प्रताप यादव भी मौके पर पहुंचे और तिरंगा लहराया। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
प्रदर्शनकारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए और वहां उग्र प्रदर्शन करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और बड़ी-बड़ी ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस पर पथराव और बैरिकेड तोड़ने का आरोप
पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
एसएसपी ने कहा कि जो भी लोग उपद्रव करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिहार बंद को लेकर 70 हजार जवान तैनात
बिहार बंद को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे प्रदेश में करीब 70 हजार जवानों की तैनाती की गई है। स्थानीय पुलिस के अलावा सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवानों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है।
एहतियात के तौर पर कई जिलों में स्कूल भी बंद किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था का सबसे ज्यादा ध्यान पटना के अलावा जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय समेत 10 जिलों में रखा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.