बक्सर में भीषण सड़क हादसा, कार और बाइक की टक्कर में सात युवकों की मौत

बिहार के बक्सर जिले में राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा के पास बृहस्पतिवार देर शाम बरातियों की कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में सात युवकों की जान चली गई। मृतकों में गाजीपुर जिले के पांच और बक्सर जिले के दो युवक शामिल हैं।
हादसे में गाजीपुर जिले के भतौरा गांव के चार युवकों की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, बाइक सवार तीन मृतकों में गाजीपुर के उतरौली निवासी अरुण कुमार और बिहार के सौरी निवासी शुभम कुमार व जलीलपुर निवासी शिवम कुमार शामिल हैं। कार में सवार भतौरा गांव के बादल कुमार, इरफान अंसारी, अरबाज खान और दिव्यांशु ठाकुर की भी मौत हो गई। घटना के बाद से कार चालक छांगुर उर्फ सतेंद्र लापता है।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में मचा कोहराम
बक्सर के डीएसपी गौरव पांडेय के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के युवक आई-20 कार से जा रहे थे। कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र में सोनपा गांव के पास हनुमान राय के डेरा के नजदीक कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बाइक चला रहे उतरौली निवासी अरुण कुमार (23) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सौरी निवासी शुभम कुमार (21) और जलीलपुर निवासी शिवम कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बक्सर सदर अस्पताल से वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दूसरी ओर, कार में सवार गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र स्थित भतौरा गांव के बादल कुमार (30), इरफान अंसारी (25), अरबाज खान (20) और दिव्यांशु ठाकुर (22) की भी हादसे में जान चली गई। घटना के बाद कार चालक छांगुर उर्फ सतेंद्र लापता हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बारात में जा रही थी कार
भतौरा के ग्राम प्रशासक ने बताया कि गांव निवासी रामनिवास राम के पुत्र अरुण राम की बारात बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव जा रही थी। इसी दौरान चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा गांव के पास जलीलपुर स्थित हनुमान राय के डेरा के नजदीक यह दुर्घटना हो गई।
टक्कर के बाद कार करीब 20 फीट तक हवा में उछली और सड़क के दूसरी ओर खेत में जाकर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने कार के दरवाजे तोड़कर उसमें फंसे युवकों को बाहर निकाला।
वहीं, अरुण के मित्र सौरभ सिंह ने बताया कि अरुण छठ पूजा के लिए अपने ननिहाल गया हुआ था। वह दो दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बक्सर के डीएसपी गौरव पांडेय ने बताया कि पुलिस घटना की पूरी जांच कर रही है। हादसे में सात युवकों की मौत के बाद गाजीपुर और बक्सर के गांवों में शोक की लहर है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.