PM मोदी के सामने सम्राट चौधरी ने गिनाईं बिहार सरकार की उपलब्धियां, महागठबंधन पर साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।
- उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली 202 सीटों की जीत के लिए जनता का आभार जताया।
- बिहार में करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जा रहा है।
वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया और बिहार में एनडीए सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता ने एनडीए को 202 सीटों के साथ भारी बहुमत देकर सत्ता सौंपी थी। इसके लिए उन्होंने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
सम्राट चौधरी ने नीतीश सेतु के उद्घाटन को राज्य के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कार्यक्रम के प्रोटोकॉल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होने की बात उठा रहे थे, लेकिन पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है। यह पुल नीतीश कुमार के नाम पर समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य तय किया है, जबकि बिहार सरकार 2036 तक समृद्ध बिहार बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
34 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं से बदलेगी बिहार की तस्वीर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से राज्य की समृद्धि का रास्ता तैयार होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
1200 एकड़ जमीन पर विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र, एक लाख रोजगार का लक्ष्य
सम्राट चौधरी ने बिहार से युवाओं के दूसरे राज्यों में पलायन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब सरकार का मुख्य ध्यान राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने पर है। उन्होंने बताया कि जंदाहा, राजापाकर और महुआ इलाके में करीब 1200 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया है। इस जमीन पर फूड प्रोसेसिंग यूनिट सहित अन्य औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस औद्योगिक क्षेत्र के विकास से करीब एक लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में सड़क, बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया। अब एनडीए सरकार औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दे रही है, ताकि राज्य के युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे प्रदेशों का रुख न करना पड़े।
कर्पूरी ठाकुर के नाम पर स्थापित होगी स्किल यूनिवर्सिटी
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और कौशल विकास को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि बिहार के विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा हासिल करने के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए करीब 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की योजना का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही राज्य में 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन स्थापित करने की बात कही। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन संस्थानों के जरिए करीब साढ़े चार लाख बच्चों को शिक्षा देने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ऐसी ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था तैयार कर रही है, जिसमें जरूरत पड़ने पर रात एक बजे भी बच्चों को शिक्षक उपलब्ध हो सकेंगे।
10.5 लाख आवेदन मिले, 30 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर निलंबन
सम्राट चौधरी ने सुशासन की चर्चा करते हुए सरकार के सहयोग कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 मई से शुरू किए गए इस कार्यक्रम में अब तक करीब साढ़े दस लाख आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इन आवेदनों के निपटारे के लिए सरकार ने समयसीमा निर्धारित की है।
उन्होंने कहा कि यदि संबंधित अधिकारी या कर्मचारी 10 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं करते हैं तो मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से नोटिस जारी किया जाता है। इसके बाद 25वें दिन दूसरा नोटिस भेजा जाता है। यदि 30 दिनों के अंदर भी कार्रवाई नहीं होती है तो संबंधित अधिकारी को निलंबित करने की कार्रवाई की जाती है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस व्यवस्था के तहत कई अधिकारियों पर कार्रवाई भी की गई है।
छठ पर बिहार आने वाले लोगों के लिए केंद्र ने की विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व के दौरान बिहार आने वाले लोगों की सुविधा के लिए केंद्र सरकार की ओर से किए गए इंतजामों की तारीफ की। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय और रेल मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को बिहार पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
इस दौरान उन्होंने करीब 15 हजार ट्रेनों की व्यवस्था का जिक्र किया। साथ ही कहा कि रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर छठी मैया के गीतों की धुन बजाए जाने से लोगों को एक अलग अनुभव मिला।
रेलवे में एक लाख करोड़ और सड़कों पर साढ़े चार लाख करोड़ की परियोजनाएं
सम्राट चौधरी ने बिहार में रेलवे और सड़क से जुड़ी परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि यूपीए सरकार के समय बिहार को रेलवे के लिए 10 वर्षों में करीब 10 हजार करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब राज्य में रेलवे की करीब एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं।
उन्होंने सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2015 में बिहार को विशेष पैकेज दिया था। इसके अलावा 2024 में कोसी-मेची लिंक परियोजना और एक्सप्रेसवे सहित कई योजनाओं के लिए केंद्र सरकार ने सहयोग किया।
कांग्रेस और राजद पर साधा निशाना, राहुल गांधी और खरगे के बयानों पर जताई आपत्ति
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और राजद पर भी हमला बोला। एसआईआर को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर आरोप लगाए गए, लेकिन ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया, जिसमें किसी पात्र व्यक्ति को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया हो।
उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयानों पर भी आपत्ति जताई। सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस और राजद के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कितने भी अपशब्दों का इस्तेमाल करें, बिहार की जनता उनके साथ खड़ी है और उनके नेतृत्व पर भरोसा करती है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार आने और राज्य को विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.