योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर निशाना, बोले- अयोध्या में विकास से सपा-कांग्रेस हैरान

HIGHLIGHTS
- समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों के पुराने रुख का जिक्र किया
- योगी ने राम मंदिर निर्माण के विरोध को लेकर सपा पर आरोप लगाए
- उन्होंने अयोध्या में चौड़ी सड़कों और रेलवे स्टेशन के विकास की बात कही
यूपी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सम्मान समारोह में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सपा और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर बनने और अयोध्या में विकास कार्यों के होने से दोनों दलों के लोग हैरान हैं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया राम के प्रति विभोर है और रामलला के अयोध्या धाम में विराजमान होने को लेकर उत्साह का माहौल है, लेकिन सपा और कांग्रेस के यहां अभी भी वीरानी छाई हुई है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और कांग्रेस के लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि अयोध्या में रामलला का मंदिर कैसे बन गया, सड़कें कैसे चौड़ी हो गईं, रेलवे स्टेशन का विकास कैसे हो गया और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इतना बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कैसे बन गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा का एक चेहरा वह भी था, जब उसने प्रभु श्रीराम का विरोध किया था। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण न हो, इसके लिए पूरी ताकत लगा दी गई थी। रामभक्तों पर गोली चलाई गई और न्यायालय में राम मंदिर के विरोध में वकीलों की फौज खड़ी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग विरासत और विकास, दोनों का विरोध करते हैं।
पहले अयोध्या को तीन घंटे ही मिलती थी बिजली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब दस साल पहले की अयोध्या को याद करें तो वहां बिजली, सड़क, स्वच्छता और सुविधाओं की कमी थी। विश्व प्रसिद्ध धाम में मुश्किल से तीन घंटे बिजली मिलती थी। यह बिजली कभी दिन में तो कभी रात में आती थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था पर भी एक सिंडिकेट का कब्जा था। योगी ने कहा कि जब सरकार ने अयोध्या धाम के विकास के लिए सड़कों के चौड़ीकरण और बेहतर सड़कों का निर्माण शुरू किया तो उसका भी विरोध किया गया। रेलवे स्टेशन के निर्माण के साथ ही महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट बनाने का भी विरोध हुआ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.