वाराणसी के 84 घाटों की कहानियां अब सुन सकेंगे पर्यटक, यूपी टूरिज्म ने शुरू किया ऑडियो टूर

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने वाराणसी के 84 घाटों के लिए GPS आधारित ऑडियो टूर तैयार किया है।
- देव दिवाली-2026 पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इसका शुभारंभ किया।
- यह सुविधा यूपी टूरिज्म के आधिकारिक एप पर उपलब्ध है।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने पर्यटकों की सुविधा के लिए जीपीएस आधारित 'वाराणसी 84 घाट ऑडियो बुक-ऑडियो टूर' तैयार किया है। देव दिवाली-2026 के अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस सुविधा का शुभारंभ किया। इस डिजिटल पहल के जरिए पर्यटक काशी के 84 घाटों से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं के बारे में आसानी से जानकारी हासिल कर सकेंगे।
यह सुविधा यूपी टूरिज्म एप पर उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से पर्यटक बिना किसी गाइड की मदद के अपनी सुविधा के अनुसार घाटों का भ्रमण कर सकते हैं। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस पहल की सबसे खास बात इसमें इस्तेमाल की गई जीपीएस तकनीक है। किसी घाट के नजदीक पहुंचते ही पर्यटक को उससे संबंधित ऑडियो अपने आप सुनाई देने लगेगा।
गंगा किनारे पैदल चलते हुए या नाव से यात्रा करते समय हर पड़ाव पर संबंधित स्थल की जानकारी ऑडियो के जरिए मिलेगी। इससे पर्यटकों के लिए घाटों का भ्रमण अधिक रोचक और सुविधाजनक हो जाएगा। इसके अलावा, पर्यटक ऑडियो बुक डाउनलोड करके ऑफलाइन भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। दुनिया के किसी भी हिस्से में बैठकर काशी के घाटों से जुड़ी कहानियां सुनने की सुविधा भी दी गई है।
15 भाषाओं में तैयार की गई ऑडियो बुक
देशी और विदेशी पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए इस ऑडियो बुक को 15 भाषाओं में तैयार किया गया है। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम, उर्दू, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषाएं शामिल हैं।
ऑडियो सुनने के साथ पर्यटक संबंधित लिखित सामग्री और तस्वीरें भी देख सकेंगे। एप में यात्रा की प्रगति पर नजर रखने और बीच में छोड़े गए स्थान से दोबारा भ्रमण शुरू करने की सुविधा भी मौजूद है। इसके अलावा, पर्यटक अपने अनुभव और सुझाव साझा करने के लिए रेटिंग और कमेंट भी कर सकते हैं।
ऐसे करें एप का इस्तेमाल
जीपीएस आधारित ऑडियो टूर का लाभ लेने के लिए पर्यटकों को अपने एंड्रॉयड या आईओएस मोबाइल में यूपी टूरिज्म का आधिकारिक एप खोलना होगा। इसके बाद 'वाराणसी 84 घाट ऑडियोबुक-ऑडियो टूर' सेक्शन में जाकर अपनी पसंद की भाषा चुननी होगी।
पर्यटक यहां पैदल भ्रमण या नाव से घूमने का विकल्प चुन सकते हैं। जीपीएस आधारित अनुभव के लिए 'स्टार्ट टूर एट लोकेशन' विकल्प चुनना होगा। वहीं, ऑफलाइन या किसी दूरस्थ स्थान से ऑडियो सुनने के लिए 'इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर' का चयन किया जा सकता है। यह सुविधा यूपी टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.