मुजफ्फरनगर में एक तेंदुआ हस्तिनापुर अभ्यारण्य क्षेत्र से भटककर 50 फीट ऊंची पेड़ की चोटी पर चढ़ गया। आसपास से गुजर रहे लोगों और खेतों पर काम कर रहे किसानों ने तेंदुए को पेड़ पर चढ़ा देखा तो लोगों में कौतूहल पैदा हो गया। सूचना पर वन विभाग की टीम उसे पकड़ने के लिए रवाना हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एकत्र हो रही भीड़ को तितर-बितर किया।
टीम का गठन कर उसे पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी
थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव दाहखेड़ी के जंगल में एक तेंदुआ उतर आया। लोगों ने चीते को जंगल में खुला घूमते देखा तो कुतूहल की स्थिति बन गई। जानकारी पर आसपास गांव के लोग भी तेंदुआ देखने के लिए पहुंचना शुरू हो गए। लोगों के शोर और एकत्र होती भीड़ को देखकर चीता घबरा गया। वो पेड़ पर चढ़ गया।
धीरे-धीरे चीते को देखने वाले लोगों की भीड़ लगना शुरू हो गई। तेंदुआ घबराकर करीब 50 फीट ऊंची चोटी पर चढ़ गया। भीड़ एकत्र होने की सूचना मिली तो थाना सिखेड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई। जिसके बाद एक टीम का गठन कर उसे पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जंगल से भटक कर खेतों में आ गया तेंदुआ
फॉरेस्ट रेंजर कुलदीप सिंह ने बताया कि तेंदुए का स्वभाव लगातार विचरण करने का होता है। कभी-कभी या भटक कर गलत दिशा में चले जाते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है इस चीते के साथ भी ऐसा ही हुआ है। बताया कि वे टीम के साथ उसे पकड़ने के लिए रवाना हो चुके हैं। उसे पकड़कर शिवालिक की पहाड़ियों में छोड़ा जाएगा।