हिमाचल के नालागढ़ में नकली दवाओं की फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- नालागढ़ के राजपुरा खेड़ा बाईपास स्थित अवैध दवा निर्माण इकाई पर यूपी एसटीएफ ने छापा मारा।
- मौके से हसीन, वसीम और मुन्ना उर्फ मोनू कुमार को पकड़ा गया।
- चने के भूसे और पाउडर से नकली दवाएं तैयार की जा रही थीं।
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में नकली दवाओं के अवैध कारोबार का एक और बड़ा मामला उजागर हुआ है। चौंकाने वाली बात यह है कि बीमारी से राहत पाने के लिए जिन दवाओं पर लोग भरोसा करते हैं, उनकी नकल चने के भूसे और पाउडर से तैयार की जा रही थी। नामी कंपनियों के ब्रांड और पैकेजिंग का इस्तेमाल करके इन नकली दवाओं को बाजार में बेचने की तैयारी थी।
वाराणसी में नकली दवाओं की खेप पकड़े जाने के बाद उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नालागढ़ के राजपुरा खेड़ा बाईपास पर स्थित एक अवैध दवा निर्माण इकाई में छापा मारा। इस कार्रवाई में पूरे मामले का खुलासा हुआ। मौके से तीन आरोपितों हसीन, वसीम और मुन्ना उर्फ मोनू कुमार को पकड़ा गया है।
बड़ी संख्या में नकली दवाएं बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद कीं। इनके अलावा दवाओं के निर्माण, पैकिंग और छपाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें व उपकरण भी मिले हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस इकाई में नामी कंपनियों की महंगी और बाजार में ज्यादा मांग वाली दवाओं की हूबहू नकल तैयार की जा रही थी। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन दवाओं की बनाई जा रही थी नकल
एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि इस इकाई में प्रतिजैविक, तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों और गैस की समस्या में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की नकल तैयार की जा रही थी।
इनमें पैन-डी कैप्सूल, प्रेसिज-300 कैप्सूल (प्रेगाबालिन), सी-एजेड (सेफिक्सिम और एजिथ्रोमाइसिन), ए-सिपेक्स-625 (एमोक्सिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलनट) और न्यूरो-300 (प्रेगाबालिन) शामिल हैं। इसके अलावा जीरोडोल एसपी, मांटिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवम 625, शेलकल 500 और टैक्सिम ओ 200 समेत अन्य दवाओं से जुड़ी सामग्री भी बरामद हुई है। इन दवाओं की गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।
मशीनों के साथ ब्रांडेड पैकेजिंग की भी व्यवस्था
एसटीएफ को छापेमारी के दौरान ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने वाली मशीन और वजन मापने के उपकरण मिले हैं। इसके साथ ही दवाओं के नाम और ब्रांड छापने के लिए तैयार फॉइल तथा स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
इन सामानों की बरामदगी से पता चलता है कि यहां नकली दवाएं बनाने के साथ-साथ उनकी पैकिंग करने और नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर बाजार में उतारने का पूरा इंतजाम किया गया था।
कई राज्यों तक पहुंच हो सकता है नकली दवाओं का नेटवर्क
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि नालागढ़ में तैयार हो रही नकली दवाओं की सप्लाई किन राज्यों, शहरों और दवा कारोबारियों तक की जा रही थी। इसके साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
इस मामले के सामने आने के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अवैध दवा निर्माण और निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। खास तौर पर यह जांच का विषय है कि इतनी बड़ी इकाई में नकली दवाओं का निर्माण और पैकिंग का काम चलता रहा, लेकिन हिमाचल प्रदेश के औषधि नियंत्रण विभाग को इसकी जानकारी तक कैसे नहीं हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.