संभल में महंत ऋषिराज गिरी की पदयात्रा रोकने पर बवाल, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

HIGHLIGHTS
- संभल में कैलादेवी मंदिर से हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने की कोशिश की गई।
- महंत ऋषिराज गिरी और उनके समर्थकों को पुलिस-प्रशासन ने आगे बढ़ने से रोका।
- समर्थकों ने पुलिस का बैरियर हटाकर फेंक दिया।
संभल। कैलादेवी मंदिर से हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने के लिए महंत ऋषिराज गिरी और उनके समर्थकों ने काफी कोशिश की, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और महंत के समर्थकों ने पुलिस के बैरियर को हटाकर फेंक दिया। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें कई जवान नीचे गिर गए।
काफी देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। हालांकि, बाद में सीओ कुलदीप सिंह और एसडीएम विकास चंद्र ने महंत को समझाया। इसके बाद पदयात्रा निकालने का फैसला बदल दिया गया। महंत और उनके समर्थकों ने कैलादेवी मंदिर की परिक्रमा की, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
गौरतलब है कि 19 नवंबर 2024 को संभल की शाही जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर विवाद को लेकर न्यायालय में वाद दायर किया गया था। इसके बाद 24 नवंबर को मस्जिद के सर्वे के दौरान संभल में हिंसा भड़क उठी थी।
पिछले साल भी पदयात्रा निकालने की कोशिश की गई थी, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी थी। इस बार 19 नवंबर को पदयात्रा निकालने के ऐलान के बाद से ही पुलिस और प्रशासन सतर्क था।
दोपहर करीब 12 बजे मौके पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। इसके बाद महंत अपने समर्थकों के साथ मंदिर से बाहर निकले और मुख्य चौराहे पर पहुंच गए। यहां पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो समर्थकों ने बैरियर हटाकर फेंक दिया।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान नारेबाजी भी हुई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने महंत और उनके समर्थकों को समझाया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए पदयात्रा नहीं निकाली जा सकती। अधिकारियों ने यह भी समझाया कि इससे माहौल बिगड़ने का खतरा है।
इसके बाद मामला शांत हुआ और कैलादेवी मंदिर की परिक्रमा की गई। संबोधन के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.