स्किल्ड मैनपावर से बनेगा विकसित भारत, 2047 तक हर चेहरे पर होगी खुशहाली: सीएम योगी

HIGHLIGHTS
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया।
- सीएम योगी ने कहा कि कुशल कार्यबल विकसित भारत की आधारशिला है।
- उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी सहित सभी अतिथियों और युवाओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने राजधानी लखनऊ में इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशल कार्यबल ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। स्किल इंडिया के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा ही 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ बनेंगे। जब देश आजादी का शताब्दी महोत्सव मनाएगा, तब हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशहाली होगी। हर नारी आत्मनिर्भर बनकर समाज का नेतृत्व कर रही होगी। युवाओं को रोजगार, अन्नदाता को आत्मनिर्भरता और श्रमिकों को सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं के मन से हताशा और निराशा दूर करने का प्रयास किया
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री ने विज्ञान भवन में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर स्किल इंडिया महाभियान की शुरुआत की थी। इसके माध्यम से दुनिया की सबसे बड़ी युवा कार्यशक्ति यानी भारत के युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और उनके मन से हताशा-निराशा दूर करने की कोशिश की गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय मनीषा के उद्घोष ‘अयोग्यो पुरुषो नास्ति, योजकस्तत्र दुर्लभः’ को आगे बढ़ाने का काम किया। इसका अर्थ है कि कोई भी व्यक्ति अयोग्य नहीं होता, बल्कि जरूरत सही मार्गदर्शन और उसे अवसर देने वाले व्यक्ति की होती है।
भारत दुनिया का और यूपी देश का सबसे युवा प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, जबकि उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। यहां सबसे अधिक संख्या में युवा रहते हैं। वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री के स्किल मिशन को तेजी से आगे बढ़ाया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में युवाओं की क्षमता को मंच मिल रहा है। इसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें से सात लाख से ज्यादा युवाओं को कैंपस चयन के माध्यम से नौकरी दिलाने में सफलता मिली है।
1.23 लाख से अधिक युवाओं को मिला रोजगार
सीएम योगी ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत ग्रामीण युवक-युवतियों को आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण दिया गया। इस योजना के माध्यम से 1.23 लाख से अधिक लोगों को सीधे रोजगार उपलब्ध कराने में मदद मिली।
उन्होंने कहा कि जब वर्ष 2020 में पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही थी, तब भारत राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर रहा था। इसमें पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ कौशल विकास पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत 1700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50 लाख से ज्यादा विद्यार्थी इसका लाभ उठा रहे हैं।
टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर सरकार ने बढ़ाए कदम
मुख्यमंत्री ने इमर्जिंग टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्री 4.0 के लिए प्रदेश में तैयार हो रहे युवा कार्यबल का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उद्योगों के सफल संचालन के लिए प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से 150 से अधिक आईटीआई में नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं।
इनमें इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, थ्रीडी प्रिंटिंग और उद्योगों की जरूरत के मुताबिक अन्य ट्रेड विकसित किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों से प्रशिक्षण प्राप्त 12 हजार से अधिक युवाओं को कैंपस चयन के जरिए अच्छा रोजगार मिल रहा है।
2026 के रोजगार मेले में 50 हजार से ज्यादा युवाओं को मिली नौकरी
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2026 में प्रदेश में आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें 3400 से ज्यादा दिव्यांग युवा भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी और निजी क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास का व्यापक नेटवर्क मौजूद है।
इस नेटवर्क को एकीकृत करने के लिए लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल स्किलिंग एवं एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। यहां एक ही छत के नीचे युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने के साथ राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुसार उद्योगों को कुशल कार्यबल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज पांडेय, कपिल देव अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.