हिमाचल में 300 करोड़ से बनेगा आधुनिक डेयरी प्लांट, जनवरी 2027 में होगा लोकार्पण

HIGHLIGHTS
- इस परियोजना पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
- संयंत्र का लोकार्पण जनवरी 2027 में किया जाएगा।
- प्लांट में प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की क्षमता होगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के ढगवार में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और परियोजना को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस संयंत्र का लोकार्पण जनवरी 2027 में किया जाएगा। प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर दूध के प्रसंस्करण की क्षमता वाले इस आधुनिक संयंत्र से कांगड़ा, ऊना, चंबा और हमीरपुर जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
संयंत्र में मोजरेला चीज, पनीर, दही, घी और मक्खन समेत कई तरह के दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इन उत्पादों को 'हिम' ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल परियोजना का परीक्षण कार्य जारी है।
सरकार की ओर से संयंत्र के डिजिटलीकरण के लिए 1.25 करोड़ रुपये और इसके संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने और अधिक से अधिक किसानों को इनसे जोड़ने के निर्देश भी दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.