अहमदाबाद स्पोर्ट्स क्लब को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

अहमदाबाद के नवरंगपुरा इलाके में स्थित एसपी स्टेडियम के पास एक स्पोर्ट्स क्लब को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। क्लब के अंदर एक कमरे से मिला हाथ से लिखा धमकी भरा पत्र सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, यह पत्र क्लब के कमरा नंबर 119 में सफाई के दौरान अलमारी से बरामद हुआ। पत्र में कथित तौर पर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का उल्लेख करते हुए 21 जून को बम विस्फोट की धमकी दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कमरा एक डॉक्टर के रेफरेंस पर बुक किया गया था और इसमें तंजानिया के तीन विदेशी बिजनेसमैन ठहरे हुए थे। ये मेहमान 29 मई को कमरे में आए थे और 30 मई को चेक-आउट कर चुके हैं। हालांकि, जानकारी यह भी मिली है कि ये तीनों विदेशी नागरिक अभी भारत में ही मौजूद हैं, जिससे जांच और भी संवेदनशील हो गई है।
धमकी भरा पत्र मिलने के बाद तुरंत पुलिस, बम स्क्वॉड, SOG और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन जांच की गई। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस मामले को लेकर जोन-1 के डीसीपी हर्षद पटेल ने बताया कि धमकी भरा पत्र मिलने के बाद जांच को तेज कर दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पत्र किसने लिखा और क्या यह विदेशी मेहमानों के ठहरने के दौरान रखा गया था या उनके जाने के बाद किसी ने इसे वहां पहुंचाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.