'गले में माला, हाथ में भाला', धीरेंद्र शास्त्री ने दिलाया हिंदू राष्ट्र और मथुरा में श्री कृष्ण मंदिर का संकल्प

HIGHLIGHTS
- कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में रामकथा का अंतिम दिन आयोजित हुआ।
- धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदुओं के गले में माला और हाथ में भाला होने की बात कही।
- श्रद्धालुओं को हिंदू राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिलाया।
कुंडा। बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में आयोजित रामकथा के अंतिम दिन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदुत्व को लेकर कई बातें कहीं। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के गले में माला के साथ हाथ में भाला भी होना चाहिए। कथा के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को हिंदू राष्ट्र के निर्माण और मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर बनवाने का संकल्प भी दिलाया।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि देश के 600 जिलों में बागेश्वर धाम का संगठन खड़ा किया जाएगा। इसके जरिए बच्चों को कट्टर हिंदू बनाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को हिंदुत्व का खंडन करने के बजाय उसके मंडन पर ध्यान देना चाहिए। देशभर में हिंदुत्व के विचार को लेकर हर महीने बैठक आयोजित की जानी चाहिए। अब जातिवाद की जगह राष्ट्रवाद को प्राथमिकता देने की जरूरत है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने घरों के बाहर भगवा ध्वज लगाने और माथे पर तिलक धारण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारा विरोध करने वाले लोग विरोध जरूर करें, लेकिन बराबरी के आधार पर करें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कथा को रोका जाएगा तो नमाज और चर्च में होने वाली प्रार्थना भी रोकी जाएगी। मंदिर और आश्रम पर ताला लगाया जाएगा तो देशद्रोहियों के घरों पर भी ताला लगाया जाएगा।
कथावाचक ने कहा कि उन्हें कथा सुनाने में इसलिए आनंद मिल रहा है, क्योंकि इसके जरिए कट्टर हिंदुओं को एक मंच पर लाने का मौका मिल रहा है। पदयात्रा के बाद पहली बार इस तरह की कथा का आयोजन हुआ है, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदुत्व समर्थक एक साथ जुटे हैं। उन्होंने कुंडा की धरती से आह्वान किया कि जब भी हिंदुत्व पर सवाल उठाए जाएं, हर हिंदू को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।
राजा भैया ने दिव्य दरबार में आने का दिया न्योता
कथा के मंच से कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने शुक्रवार को आयोजित होने वाले दिव्य दरबार में शामिल होने के लिए जिले के लोगों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि जिले के श्रद्धालुओं को दिव्य दरबार में बाबा बागेश्वर को सुनने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इस दौरान पर्चियां खोली जाएंगी।
दिव्य दरबार के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि दिव्य दरबार को देखते हुए 400 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। रामकथा के आयोजन के लिए पहले से ही एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.