अलीगढ़: 20 दिन की मासूम को बेचने पहुंची मां-चाची, नर्सिंग होम में ऐसा हुआ कि बुलानी पड़ी पुलिस

HIGHLIGHTS
- अलीगढ़ के जवां क्षेत्र में 20 दिन की नवजात बच्ची को बेचने की कोशिश का मामला सामने आया।
- सोनी अपनी भाभी रेशमा के साथ आदिल नर्सिंग होम पहुंची थी।
- दोनों महिलाओं ने नर्सिंग होम संचालक से बच्ची के लिए खरीदार तलाशने को कहा।
अलीगढ़। गरीबी और घरेलू विवादों से परेशान एक महिला अपनी 20 दिन की नवजात बेटी को देने के लिए अपनी भाभी के साथ नर्सिंग होम पहुंच गई। दोनों ने नर्सिंग होम संचालक से बच्ची के लिए किसी खरीदार की तलाश करने को कहा। उनकी इस बात पर संचालक को संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों महिलाओं को नवजात के साथ अलीगढ़ के जवां थाने ले आई। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर मामले की सच्चाई जानने का प्रयास कर रही है।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे क्वार्सी क्षेत्र के रिया नगर की रहने वाली सोनी अपनी भाभी रेशमा के साथ जवां स्थित आदिल नर्सिंग होम पहुंची थी। उस समय नर्सिंग होम के संचालक डॉ. रफीक वहां मौजूद नहीं थे। दोनों महिलाओं ने उन्हें फोन करके बच्ची के लिए किसी व्यक्ति को तलाशने की बात कही। इससे पहले बुधवार को भी महिलाओं ने फोन कर बच्ची को किसी को देने की इच्छा जताई थी। तब डॉक्टर ने उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत बच्ची को किसी जरूरतमंद परिवार तक पहुंचाने की सलाह दी थी।
बृहस्पतिवार को दोबारा फोन आने पर डॉक्टर को मामले को लेकर शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस दोनों महिलाओं को थाने ले आई और उनसे पूछताछ शुरू की।
सोनी ने पुलिस को बताया कि उसका पति मजदूरी करता है। उसके पहले से दो बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें आठ वर्षीय आलिया और छह वर्षीय माहिरा शामिल हैं। आर्थिक परेशानी के चलते उसने नवजात बच्ची को किसी दूसरे को सौंपने का फैसला किया था।
वहीं, पुलिस के अनुसार महिला ने पति की मारपीट और घरेलू विवादों से परेशान होकर बच्ची को सुरक्षित हाथों में देने की बात भी कही है। पुलिस ने पड़ोसियों को बुलाकर परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी ली है। थाना प्रभारी गौरव कुमार के मुताबिक, दोनों महिलाओं को बच्ची के साथ थाने में रखा गया है। मामले की जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
सीओ सर्वम सिंह ने बताया, "पहली नजर में हमने मामले की जांच की है और पड़ोसियों को भी बुलाकर पूछताछ की है। मामला घरेलू झगड़े से जुड़ा है। पति की मारपीट से परेशान होकर महिला अपनी नवजात बच्ची को देने के लिए नर्सिंग होम पहुंची थी। इस मामले में किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस अपने स्तर पर पूरी जांच कर रही है।"
आर्थिक मजबूरी के साथ ही अन्य कारण भी
समाजशास्त्री डॉ. उमेश दीक्षित का कहना है कि गरीब परिवारों में बच्चे को किसी दूसरे व्यक्ति को सौंपने का फैसला केवल आर्थिक तंगी के कारण नहीं लिया जाता। इसके पीछे आर्थिक मजबूरी के अलावा सामाजिक दबाव, पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और भविष्य को लेकर असुरक्षा जैसे कई कारण हो सकते हैं।
उनके मुताबिक, जब परिवार की कमाई इतनी कम होती है कि पहले से मौजूद बच्चों के खाने-पीने, पढ़ाई और इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो जाता है, तब मां को यह महसूस होने लगता है कि वह अपने सभी बच्चों को बेहतर जीवन नहीं दे पाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.