अखिलेश यादव का सीएम योगी पर तंज, बोले- उन्हें पहले कैसे पता चला कि 1.27 करोड़ वोट कट गए?

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने शुक्रवार को SIR को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा।
- उन्होंने सवाल किया कि सीएम योगी को पहले से कैसे पता चला कि 1.27 करोड़ वोटर कट गए।
- अखिलेश ने कहा कि अगर 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं तो भाजपा की बैठक इसी वजह से हो रही है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री को पहले से ही पता चल जाता है कि वोट कैसे कटते हैं। अखिलेश यादव ने सवाल उठाया, "मैं इसलिए ऐसे बोल रहा हूं कि उनको कैसे जानकारी हो गई कि एक करोड़ 27 लाख वोटर कट गए।"
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर वास्तव में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब हैं, तो भाजपा की बैठक इसी मुद्दे को लेकर हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन वोटों को लेकर रणनीति तैयार कर रही है, जिन्हें लोगों के दूसरे स्थानों पर चले जाने या फर्जी नाम दर्ज होने की वजह से मतदाता सूची से हटाया गया है।
कई राज्यों से लोगों को लाकर मतदाता बनवाने की तैयारी का आरोप
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों से लोगों को लाकर मतदाता बनवाने की तैयारी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए ऐसे लोगों को शामिल करने की योजना बनाई जा रही है, जिनका नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। सपा अध्यक्ष ने भाजपा की बैठक और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर पार्टी की रणनीति पर सवाल खड़े किए।
अखिलेश ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का किया था स्वागत
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन यानी ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का स्वागत किया था। उन्होंने कहा था कि पीडीए समाज की आवाज उठाने वाले हर दल का सहयोग करेगा। अखिलेश के मुताबिक, ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन इसके पीछे समाज की भलाई की मंशा होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि सामाजिक स्तर पर बदलाव जरूरी है, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी, जब राजनीतिक परिवर्तन का मोर्चा भी सक्रिय होगा। उन्होंने दावा किया कि इस तरह के नए राजनीतिक विकल्प से भाजपा को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है।
उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के हित में सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ने और उसकी आवाज उठाने वाले दलों की ईमानदार आवाज जनता तक पहुंचाने में सपा सहयोग करेगी। उनके मुताबिक, इससे उन लोगों के सामने भी एक विकल्प तैयार होगा, जो भावनात्मक नारों और बहकावे में आकर सांप्रदायिक शक्तियों को वोट दे देते हैं।
वोटों की ठेकेदारी प्रथा खत्म होनी चाहिए
अखिलेश यादव ने कहा कि केवल बयानबाजी से माहौल बनाने वालों की सच्चाई जनता समझती है। ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि उनके पीछे अपने समाज की भलाई करने की मंशा हो। उन्होंने कहा कि अगर कोई दल किसी दूसरे की सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है, तो जनता उसे चुनाव में सबक सिखा सकती है।
अखिलेश ने उम्मीद जताई कि राजनीति में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ खत्म होगी और सभी दल अपने-अपने समाज के हित में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जिस दल का आधारभूत वोट ज्यादा होगा, परिवर्तन की इच्छा रखने वाली जनता उसी की ओर रुख करेगी। उनके मुताबिक, पीडीए से बड़ा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.