यूपी रोडवेज यात्रियों के लिए राहत की खबर, टिकट बुकिंग में पैसे कटने पर मिलेगा रिफंड

HIGHLIGHTS
- रायबरेली परिवहन निगम ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को लेकर नई व्यवस्था शुरू की।
- खाते से पैसे कटने के बाद टिकट नहीं मिलने पर यात्रियों को मिलेगा रिफंड।
- परिवहन निगम ने शिकायत और रिफंड प्रक्रिया के लिए WhatsApp नंबर जारी किया।
रायबरेली। परिवहन निगम की बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करते समय यात्रियों के खाते से पैसे कटने के बावजूद टिकट जारी नहीं होने की समस्या को दूर करने के लिए नई व्यवस्था शुरू की गई है।
अब नेटवर्क या तकनीकी गड़बड़ी के चलते भुगतान होने के बाद भी टिकट नहीं मिलने पर यात्रियों को रिफंड के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। परिवहन निगम ने इसके लिए एक वॉट्सएप नंबर जारी किया है। इस नंबर पर भुगतान का स्क्रीनशॉट भेजकर यात्री रिफंड की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
रायबरेली परिवहन निगम डिपो से 94 निगम और 72 अनुबंधित बसों का संचालन होता है। इन बसों में प्रतिदिन 20 से 22 हजार यात्री सफर करते हैं।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान कई बार नेटवर्क की समस्या या अन्य तकनीकी कारणों से यात्रियों के खाते से पैसे कट जाते हैं, लेकिन टिकट जारी नहीं होता। ऐसी स्थिति में यात्रियों को यात्रा के लिए परिचालक से दोबारा ऑनलाइन भुगतान करना पड़ता है या नकद पैसे देकर टिकट लेना पड़ता है। इससे उन्हें परेशानी के साथ अतिरिक्त धनराशि का इंतजाम भी करना पड़ता है।
परिवहन निगम ने जारी किया वॉट्सएप नंबर
इस समस्या से यात्रियों को राहत देने के लिए परिवहन निगम ने वॉट्सएप नंबर जारी किया है। यदि खाते से पैसे कटने के बाद भी टिकट नहीं मिलता है, तो यात्री को भुगतान से जुड़ा स्क्रीनशॉट इस नंबर पर भेजना होगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिफंड की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि खाते से कटे हुए रुपये एक से 24 घंटे के भीतर यात्री के खाते में वापस पहुंच जाएंगे। उन्होंने इस नई व्यवस्था की पुष्टि की है।
परिवहन निगम की इस पहल से ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान तकनीकी दिक्कतों के कारण भुगतान फंसने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे भुगतान का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें और रिफंड के लिए जारी वॉट्सएप नंबर 94150 49606 पर ही अपना विवरण भेजें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.