अखिलेश यादव के रामलला दर्शन से एक करोड़ हिंदुओं की घर वापसी का रास्ता खुलेगा: परमहंस आचार्य

HIGHLIGHTS
- उन्होंने अखिलेश यादव के रामलला दर्शन के कदम का स्वागत किया।
- परमहंस आचार्य के मुताबिक, इस दौरे से उनके समर्थकों में सकारात्मक संदेश जाएगा।
- उन्होंने कहा कि करीब एक करोड़ हिंदुओं के राम मंदिर लौटने का रास्ता खुल सकता है।
तपस्वी छावनी के महंत जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या आने से करीब एक करोड़ हिंदुओं की घर वापसी का रास्ता खुल सकता है। इसके साथ ही समाज में भी सकारात्मक संदेश जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना के चलते उनके परिवार से नाराजगी रखने वाले कई लोग राम मंदिर से दूरी बनाए हुए थे। अब अखिलेश यादव रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आ रहे हैं, तो इससे उनके समर्थकों के बीच अच्छा संदेश जाएगा। इसके बाद वे भी भगवान श्रीराम को अपना मानते हुए मंदिर में दर्शन करने के लिए आगे आएंगे।
महंत परमहंस आचार्य ने जोर देकर कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे सभी के हैं। उनकी शरण में आने वाले किसी भी व्यक्ति का विरोध नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव के इस कदम का स्वागत करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए। रामराज्य की स्थापना तभी संभव है, जब सभी लोग भगवान श्रीराम के आदर्शों का पालन करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.