अखिलेश यादव ने SPM के गठन का किया स्वागत, बोले- PDA से बड़ा कोई राजनीतिक विकल्प नहीं

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन का स्वागत किया।
- AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बना है।
- अखिलेश ने PDA को भाजपा के खिलाफ सबसे बड़ा राजनीतिक विकल्प बताया।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एआईएमआईएम और आसपा (आजाद समाज पार्टी) के गठबंधन से बने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) के गठन का स्वागत किया है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने पीडीए को भाजपा के खिलाफ एक बड़ा राजनीतिक विकल्प बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जिस दल का आधारभूत वोट अधिक होगा, परिवर्तन की चाह रखने वाली जनता उसी के साथ जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पीडीए से बड़ा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
अखिलेश यादव ने इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि सामाजिक स्तर पर बदलाव जरूरी है, लेकिन असली कामयाबी तभी मिलेगी, जब 'राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा' सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के हितों के लिए सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ने और उसकी आवाज उठाने वाले किसी भी दल की ईमानदार बात को जनता तक पहुंचाने में मदद करेगा।
भाजपा को दो-तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान होने का अनुमान
अखिलेश यादव ने कहा कि इस पहल से विपक्ष को भी फायदा होगा। साथ ही, भावनात्मक नारों के प्रभाव में सांप्रदायिक ताकतों को वोट देने वाले लोगों के सामने एक नया विकल्प सामने आएगा। उनके आकलन के मुताबिक, इससे भाजपा को दो-तीन प्रतिशत वोटों का और नुकसान हो सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मोर्चों के गठन से लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन इसके पीछे समाज की भलाई की मंशा होनी चाहिए, न कि किसी तीसरे पक्ष का छिपा हुआ एजेंडा। केवल बयानबाजी के जरिए माहौल बनाने वालों की असलियत जनता समझती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर कोई दल सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है, तो जनता उसकी जमानत भी जब्त करा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए राजनीतिक समीकरण बनने से वोटों की ठेकेदारी की परंपरा खत्म होगी और सभी दल अपने-अपने समाज के हितों के लिए काम करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.