ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर रोहिणी घावरी का तंज, बोलीं- अब दलितों के पीछे दरी बिछाएगा अब्दुल

HIGHLIGHTS
- डॉ. रोहिणी घावरी ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर तीखा हमला बोला।
- रोहिणी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को एक सीट जीतने की चुनौती दी।
- उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर पर दलितों और मुसलमानों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को लेकर डॉ. रोहिणी घावरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो नेता कल तक सवाल उठाते थे कि अब्दुल मुख्यमंत्री कब बनेगा और आखिर कब तक दरी बिछाता रहेगा, आज उन्होंने खुद एक दलित नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया है। रोहिणी ने तंज कसते हुए कहा कि अब अब्दुल दलितों के पीछे जाकर दरी बिछाएगा।
रोहिणी घावरी ने कहा कि दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश में गठबंधन किए गए, लेकिन तीनों ही जगह इनका प्रदर्शन शून्य रहा। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को चुनौती देते हुए कहा कि अगर गठबंधन एक भी सीट जीतकर दिखा देता है तो वह उनकी हर शर्त मानने के लिए तैयार हैं। उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर पर दलितों और मुस्लिमों को राजनीतिक रूप से भ्रमित करने का आरोप लगाया। साथ ही दोनों नेताओं को भाजपा की बी टीम करार दिया।
कौन हैं डॉ. रोहिणी घावरी?
डॉ. रोहिणी घावरी ने स्विट्जरलैंड से डॉक्टरेट की पढ़ाई पूरी की है। वह दलित अधिकारों और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहती हैं। चंद्रशेखर आजाद के साथ उनका विवाद निजी संबंधों को लेकर है। रोहिणी का आरोप है कि चंद्रशेखर ने शादी का भरोसा देकर उनका शारीरिक और भावनात्मक शोषण किया। इस मामले में उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई है। इसी विवाद के बाद वह सुर्खियों में आई थीं।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के मंच से ओवैसी का सपा पर हमला
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के मंच से समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश के नेतृत्व, मुस्लिम राजनीति और अयोध्या में राम मंदिर जाने के कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए। इसके साथ ही आजम खां का जिक्र करते हुए सपा के मुस्लिम सांसदों और विधायकों को भी घेरा।
अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए ओवैसी ने अमीर मीनाई का शेर पढ़ा, 'सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता-आहिस्ता, निकलता आ रहा है तेरा चेहरा आहिस्ता-आहिस्ता।' उन्होंने कहा कि अखिलेश उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हैं और आगे भी पूर्व मुख्यमंत्री ही रहेंगे। ओवैसी ने सपा अध्यक्ष की राजनीतिक विरासत और उनके नेतृत्व पर भी सवाल खड़े किए।
चंद्रशेखर आजाद को गोली लगने की घटना का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि गोली लगने का दर्द आज भी उनके भाई की कमर में है। वहीं, चंद्रशेखर ने कहा कि दलितों पर होने वाले अत्याचार के मुद्दे पर विपक्ष चुप्पी साधे रहता है।
क्या अखिलेश ने आजम खान से ली थी अनुमति?
ओवैसी ने आजम खान का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी की मुस्लिम राजनीति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के कार्यक्रम को लेकर सपा के मुस्लिम सांसदों और विधायकों की क्या राय है? क्या अखिलेश ने इस संबंध में आजम खान से अनुमति ली थी?
उन्होंने यह भी सवाल किया कि जब आजम खान मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब समाजवादी पार्टी ने उनके लिए क्या कदम उठाए? ओवैसी ने कहा कि बाबरी मस्जिद से जुड़े घटनाक्रम के बाद कई लोगों और उनके परिवारों को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सपा के मुस्लिम नेताओं को अपने नेतृत्व से सवाल करने चाहिए।
ओवैसी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी चुनाव के समय मुस्लिम समाज का राजनीतिक समर्थन हासिल करने के लिए उसका इस्तेमाल करती है, लेकिन जब मुस्लिम समाज के हितों की बात आती है तो पार्टी उतनी मजबूती से अपनी भूमिका नहीं निभाती।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.