दिल्ली में बढ़े प्रदूषण के बीच 50% कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम का आदेश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ने के चलते सरकार ने अब कर्मचारियों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दिल्ली सरकार ने सोमवार को आदेश दिया कि सभी सरकारी और निजी कार्यालयों में केवल 50 प्रतिशत स्टाफ ही कार्यालय में उपस्थित रहेगा, जबकि शेष कर्मचारी घर से कार्य करेंगे। यह कदम वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा घोषित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) लेवल 3 के अनुरूप है।
सरकारी कार्यालयों में सभी प्रशासनिक सचिव और विभागाध्यक्ष नियमित रूप से कार्यालय में मौजूद रहेंगे। आवश्यकतानुसार अधिकारी और कर्मचारी बुलाए जा सकते हैं, लेकिन कुल स्टाफ की उपस्थिति 50 प्रतिशत से अधिक नहीं होगी।

निजी कार्यालयों के लिए भी यही नियम लागू होगा। सभी निजी संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे अलग-अलग समय पर स्टाफ को कार्यालय बुलाने की व्यवस्था करें, वर्क फ्रॉम होम नियमों का पालन सुनिश्चित करें और कार्यालय आने-जाने वाले वाहनों की संख्या कम करें।
राजधानी में वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं दिख रहा है। लगातार 11वें दिन दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। सुबह नौ बजे AQI 396 दर्ज किया गया, जबकि स्विस ऐप IQAir के अनुसार यह ‘गंभीर’ स्तर 418 पर पहुंच गया। वहीं, तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। आज न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.