अमित शाह ने बंगाल में अमूल डेयरी संयंत्र की रखी नींव, बोले- राज्य में आया बदलाव ऐतिहासिक

HIGHLIGHTS
- अमित शाह ने कोलकाता में अमूल के मेगा डेयरी संयंत्र की आधारशिला रखी, परियोजना की लागत करीब 650 करोड़ रुपये बताई गई।
- गृह मंत्री ने कहा कि बंगाल में आया राजनीतिक बदलाव आजादी के बाद हुए परिवर्तनों में सबसे अलग और ऐतिहासिक है।
- अमूल का यह संयंत्र रोजाना 15 लाख लीटर दूध प्रोसेस कर 10 लाख किलोग्राम दही उत्पादन करने में सक्षम होगा, जिससे किसानों और रोजगार को लाभ मिलेगा।
कोलकाता। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि आजादी के बाद देश के कई राज्यों में राजनीतिक बदलाव हुए, लेकिन पश्चिम बंगाल में हुआ परिवर्तन सबसे अलग और ऐतिहासिक है।
बंगाल दौरे के अंतिम दिन कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में अमूल के मेगा डेयरी संयंत्र की आधारशिला रखने के बाद गृह मंत्री ने संबोधन किया। उन्होंने कहा कि एक समय बंगाल देश के हर क्षेत्र में मार्गदर्शक की भूमिका में था।
अमित शाह ने कहा कि पिछले तीन दशकों तक बंगाल ने वामपंथी विचारधारा का सामना किया और इसके बाद करीब 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्ट शासन को झेला। उन्होंने कहा कि अब राज्य के लोगों ने बदलाव का रास्ता चुना है।
अमूल डेयरी संयंत्र की रखी आधारशिला
गृह मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से हावड़ा जिले के सांकराइल में बनने वाले अमूल के प्रस्तावित डेयरी संयंत्र का शिलान्यास किया। यह संयंत्र गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन की ओर से सांकराइल फूड पार्क में करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बंगाल के लोगों का मुंह मिष्टी दोई (मीठे दही) से मीठा कराने आए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर 10 साल के संघर्ष के बाद शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में यहां भाजपा की सरकार बनी है और सोनार बांग्ला का आंदोलन फिर से जीवित हुआ है।
घुसपैठ और कानून व्यवस्था पर हुई चर्चा
गृह मंत्री ने अपने बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले दो दिनों में घुसपैठ रोकने, कानून व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई और जरूरी फैसले लिए गए।
उन्होंने भरोसा जताया कि नई सरकार के नेतृत्व में बंगाल विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ेगा और सोनार बांग्ला का सपना पूरा होगा।
रोजाना 10 लाख किलो दही उत्पादन की क्षमता
अमूल के इस मेगा डेयरी संयंत्र में प्रतिदिन 15 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण किया जा सकेगा। संयंत्र में रोजाना करीब 10 लाख किलोग्राम दही के साथ-साथ लस्सी, पनीर, मक्खन, घी और आइसक्रीम का उत्पादन भी किया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि यह परियोजना बंगाल के डेयरी क्षेत्र को मजबूती देगी, किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने में मदद करेगी और हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.