बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से मां और तीन बेटियों की मौत

HIGHLIGHTS
- बाराबंकी में शुक्रवार रात करीब आठ बजे दर्दनाक ट्रेन हादसा हुआ।
- ट्रेन की चपेट में आने से मां किरण देवी और उनकी तीन बेटियों की मौत हो गई।
- मृतकों में सात वर्षीय जुड़वा बहनें कनिष्का और अनुष्का शामिल हैं।
बाराबंकी में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई और परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं, परिवार की 12 वर्षीय बेटी रिया इस हादसे में सुरक्षित बच गई। घटना के समय वह अपने पिता के साथ बाजार गई हुई थी।
यह हादसा शुक्रवार रात करीब आठ बजे हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से महिला और उसकी तीनों बेटियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
मां के साथ दो जुड़वा बेटियों की भी मौत
मृतकों की पहचान गांधी नगर, कोतवाली नगर निवासी 39 वर्षीय किरण देवी पाल पत्नी राम तेजपाल के रूप में हुई है। इस हादसे में उनकी सात साल की जुड़वा बेटियां कनिष्का और अनुष्का तथा पांच वर्षीय बेटी काव्या की भी मौत हो गई। एक साथ मां और तीन मासूम बच्चियों की मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध रह गया।
बाजार गई 12 वर्षीय रिया बची, पिता के सामने बिखरा परिवार
बताया गया है कि किरण देवी के पति राम तेजपाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं और मूल रूप से बहराइच जिले के रहने वाले हैं। हादसे के वक्त उनकी 12 वर्षीय बेटी रिया पिता के साथ बाजार गई थी। इसी वजह से वह इस दुर्घटना की चपेट में आने से बच गई। हालांकि, अब रिया के सामने मां और अपनी तीनों बहनों को खोने का गहरा दुख है।
मां-बेटियां रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचीं? पुलिस कर रही जांच
एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि किरण देवी अपनी तीनों बेटियों के साथ रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचीं, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। यह हादसा अचानक हुआ या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.