यूपी में हिंदू मतदाताओं को जोड़ने के लिए भाजपा चलाएगी प्रदेशव्यापी अभियान, योगी संभालेंगे कमान

HIGHLIGHTS
- भाजपा उत्तर प्रदेश में 22 से 24 नवंबर तक प्रदेशव्यापी मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अभियान का नेतृत्व करेंगे।
- मतदाता सूची से छूटे हिंदू मतदाताओं और पहली बार वोटर बने युवाओं को जोड़ने पर जोर रहेगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में हिंदू मतदाताओं को जोड़ने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान की कमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभालेंगे। 22 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत मतदाता सूची से छूटे हिंदू मतदाताओं के साथ पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं को भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा वोटर लिस्ट में मौजूद गलतियों को ठीक कराने पर भी जोर रहेगा। दरअसल, एसआईआर में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कम होने संबंधी मुख्यमंत्री के बयान के बाद भाजपा ने इस दिशा में सक्रियता बढ़ाते हुए नए मतदाता जोड़ने की कार्ययोजना तैयार की है।
शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा की मतदाता पुनरीक्षण अभियान कार्यशाला का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के तरीके बताए गए। साथ ही 22 से 24 नवंबर तक प्रस्तावित अभियान में पूरी सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मतदाता सूची से छूटे लोगों के नाम जुड़वाने के लिए जुट जाएं।
महिलाओं के नाम जुड़वाने और घुसपैठियों के नाम हटवाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश के सभी पदाधिकारियों के साथ संगठन के लोग भी दो से तीन बूथों की जिम्मेदारी लें। मतदाता सूची का गहनता से अध्ययन करें और इसमें शामिल होने से वंचित हिंदू मतदाताओं के नाम जुड़वाएं। उन्होंने बताया कि करीब 50 लाख महिलाएं ऐसी हैं, जो शादी के बाद मायके से ससुराल चली गई हैं, लेकिन उनका नाम दोनों जगह की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। ऐसे मामलों में उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की बात कही। वहीं, घुसपैठियों के नाम चार-पांच जगह दर्ज होने का हवाला देते हुए उन्हें सूची से हटवाने के निर्देश दिए।
उनका इशारा प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की ओर था। मुख्यमंत्री ने प्रधानी की मतदाता सूची में दर्ज नामों को विधानसभा की वोटर लिस्ट में भी शामिल कराने की बात कही। उन्होंने अलीगढ़ की कोल विधानसभा सीट समेत उन क्षेत्रों का चुनावी गणित भी समझाया, जहां जीत का अंतर कम रहा था।
हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट कटने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर आपत्ति दर्ज कराई जानी चाहिए थी, लेकिन विपक्ष बेवजह शोर मचा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के लाखों लाभार्थियों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया की कई अदृश्य शक्तियां भारत को गिराने और मिटाने की कोशिश कर रही हैं। वे देश के बढ़ते वैभव को सहन नहीं कर पा रही हैं। उनके मुताबिक विपक्षी दल इन शक्तियों के हाथों की कठपुतली बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि जो भारत का विरोधी है, वही भाजपा का विरोधी है और ये ताकतें भाजपा सरकार को हटाने की साजिश कर रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.