'दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं', अखिलेश के अयोध्या दौरे पर योगी का तंज

HIGHLIGHTS
- योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाए।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या जाने से पहले अखिलेश को रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।
- योगी ने सपा के PDA का अर्थ 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' बताया।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर एक साथ निशाना साधते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज कर दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दो नावों पर सवार होने वाले लोग डूब जाते हैं। अखिलेश को अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने तंज भरे अंदाज में कहा कि राधे-राधे तो अभी शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आने वाला है। उन्होंने कहा कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य विदाई के समय बोला जाता है। योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में ये बातें कह रहे थे।
चुनौती का सामना करना संन्यासी का दायित्व
योगी आदित्यनाथ ने सपा की राजनीति को परिवार तक सीमित बताते हुए उसके पीडीए की नई परिभाषा पेश की। उन्होंने कहा कि पीडीए का अर्थ परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। उनके मुताबिक, सपा की राजनीति परिवार के आसपास ही केंद्रित रहती है, जबकि भाजपा का मतदाता हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी किसी के साथ व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। हालांकि, जब देश और समाज के सामने कोई चुनौती आती है तो उसका मुकाबला करना एक संन्यासी का दायित्व होता है।
सपा-कांग्रेस में तालमेल की कमी, चुनाव से पहले ही गठबंधन विफल
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर भी हमला बोला। उन्होंने इसे चुनाव से पहले ही असफल बताते हुए कहा कि एक ओर दोनों दलों के बीच बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। दोनों पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए योगी ने कहा कि उन्होंने प्याज भी खाया और जूता भी।
उन्होंने साफ किया कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उम्मीदवारों का चयन पार्टी की तय प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
घुसपैठियों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर योगी ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम शामिल होने चाहिए।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, मृतक और दूसरी जगह जा चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने जरूरी हैं। हालांकि, किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिक को मतदान का अधिकार नहीं दिया जा सकता।
कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक पहुंचा प्रदेश
कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों को घेरा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था का माहौल था। उस दौर में कट्टा-बम बनाने की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।
योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां तैयार की गई हैं।
उन्होंने कहा कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहा है। एमएसएमई और ओडीओपी योजनाओं के जरिए सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2017 की तुलना में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से ज्यादा बढ़ चुके हैं। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले प्रदेश में केवल दो एयरपोर्ट चालू थे, जबकि अब 17 एयरपोर्ट संचालित हैं। इनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। इसके अलावा, प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो सेवा चल रही है।
नौकरी और सुरक्षा के मुद्दे पर भी गिनाईं उपलब्धियां
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 26 जनवरी तक इस संख्या को बढ़ाकर साढ़े दस लाख करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट दिए गए थे और अब दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट बांटने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए सिर्फ दो जगह हैं—जेल या जहन्नुम।
योगी ने चार लाख मकान खरीदारों को आवास दिलाने और नोएडा जाने को लेकर प्रचलित पुराने अंधविश्वास को तोड़ने का भी जिक्र किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.