ओम प्रकाश राजभर का बड़ा ऐलान, जहूराबाद नहीं अब अकबरपुर सीट से लड़ेंगे चुनाव

HIGHLIGHTS
- अकबरपुर सीट से फिलहाल सपा के रामअचल राजभर विधायक हैं।
- राजभर ने एक टीवी चैनल से बातचीत में चुनाव लड़ने की योजना बताई।
- 2027 विधानसभा चुनाव से पहले NDA के दो सहयोगी दलों में सीटों को लेकर खींचतान शुरू।
लखनऊ। योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह जहूराबाद की बजाय अकबरपुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। गौरतलब है कि अंबेडकरनगर जिले की अकबरपुर सीट से फिलहाल सपा के रामअचल राजभर विधायक हैं। इस तरह राजभर ने चुनाव लड़ने के लिए अपनी सीट के साथ जिला भी बदलने का फैसला किया है। ऐसे में आगामी चुनाव में उनका मुकाबला सपा के दिग्गज नेता से होने की संभावना है। राजभर ने यह बात एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कही।
सीट बंटवारे से पहले ही सुभासपा और निषाद पार्टी में बढ़ी खींचतान
विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के दो सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट पर निषाद पार्टी के साथ-साथ सुभासपा ने भी अपना दावा पेश किया है। इसको लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच मतभेद बढ़ते नजर आ रहे हैं।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में अतरौलिया और चौरीचौरा, दोनों सीटें निषाद पार्टी के हिस्से में आई थीं। हालांकि, अतरौलिया में सपा प्रत्याशी संग्राम यादव ने निषाद पार्टी के उम्मीदवार को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी थी। वहीं, चौरीचौरा सीट पर निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बेटे ने जीत हासिल की थी।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे की चर्चा के बीच दोनों सहयोगी दल पिछले चुनाव के नतीजों और अपने पारंपरिक वोट बैंक के आधार पर दावेदारी पेश कर रहे हैं।
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का कहना है कि उनकी पार्टी अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में पिछले ढाई साल से लगातार काम कर रही है। उनके मुताबिक, इस सीट पर राजभर और निषाद समाज के मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है। वहीं, चौरीचौरा में राजभर समाज के करीब 50 हजार वोट हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या निषाद पार्टी चौरीचौरा सीट पर अपना दावा छोड़ने को तैयार होगी?
दूसरी ओर, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का कहना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में दोनों सीटें उनकी पार्टी के हिस्से में आई थीं। चौरीचौरा से उनके बेटे ने चुनाव जीतकर विधायक बनने में भी सफलता हासिल की थी। ऐसे में दोनों सीटों पर उनकी पार्टी का स्वाभाविक दावा बनता है।
सम्मेलन के बाद दोनों दलों के बीच बढ़ी तल्खी
रविवार को निषाद पार्टी ने आजमगढ़ के अतरौलिया में संवैधानिक सुरक्षा अधिकार सम्मेलन का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम के जरिए निषाद और राजभर समाज के आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर सुभासपा को साथ आने का आह्वान किया गया। हालांकि, इस आयोजन के बाद सुभासपा की असहजता बढ़ गई।
फिलहाल एनडीए के दोनों सहयोगी दल गठबंधन के भीतर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक सीटें हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.