यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर फिर घमासान, राजेंद्र पाल गौतम बोले- तीन डिजिट में ही बनेगी बात

HIGHLIGHTS
- यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर विवाद बढ़ा।
- इमरान मसूद के बाद कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी नाराजगी जताई।
- गौतम ने सपा की पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने पर सवाल उठाए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की गुरुवार को लखनऊ में प्रस्तावित संविधान बचाओ यात्रा की तैयारियों के बीच विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर पार्टी नेताओं की नाराजगी सामने आ रही है। सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद के बाद अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी सपा के रुख पर सवाल उठाए हैं।
समाजवादी पार्टी के साथ सीटों की संख्या पर सहमति बनने से पहले ही उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने पर गौतम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कभी भी की जा सकती है, लेकिन मौजूदा हालात में सपा को ऐसा करने से बचना चाहिए था।
राजेंद्र पाल गौतम ने इसे समाजवादी पार्टी का गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया। उन्होंने सवाल किया कि जब दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है, तो उम्मीदवारों की सूची जारी करने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने सपा की ओर से पांच प्रत्याशियों की पहली सूची जारी किए जाने पर भी आपत्ति जताई।
गौतम ने स्पष्ट किया कि गठबंधन के तहत 26 सीटों जैसी कोई बात तय नहीं हुई है। उनके मुताबिक, दोनों दलों के बीच उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर बातचीत जारी है। तय हुआ था कि बातचीत पूरी होने और अंतिम सहमति बनने के बाद ही इसकी जानकारी साझा की जाएगी। हालांकि, मीडिया के जरिए यह बात सामने आई कि कांग्रेस को केवल 26 सीटें दी जा रही हैं।
कांग्रेस नेता ने गठबंधन को लेकर पार्टी का रुख भी साफ किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन चाहती है, लेकिन यह सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। गौतम ने कहा कि कांग्रेस में तानाशाही नहीं चलती और सीटों के बंटवारे पर बात तीन डिजिट में ही बनेगी।
राजेंद्र पाल गौतम ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि समाजवादी पार्टी गठबंधन करना चाहती है या नहीं। कांग्रेस की इच्छा है कि दोनों दलों के बीच सम्मानजनक समझौता हो।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी पर प्रतिक्रिया देते हुए गौतम ने कहा कि उनकी नाराजगी अपनी जगह सही है। मसूद उसी क्षेत्र के सांसद हैं, जहां से समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इसके अलावा, वह कांग्रेस की उस पांच सदस्यीय कमेटी के सदस्य भी हैं, जिसे सीटों की संख्या और प्रत्याशियों के नाम तय करने की जिम्मेदारी दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.