राजनीति: संविधान दिवस पर देशभर में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी कांग्रेस पार्टी

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस पर देशभर में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी।
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में आयोजित मार्च में शामिल होंगे।
- सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर इमरान मसूद ने नाराजगी जताई।
कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर देशभर में 'संविधान रक्षा मार्च' का आयोजन करेगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होने वाले मार्च में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को सभी राज्यों में आयोजित करने की तैयारी की है। इसमें प्रदेश कांग्रेस समितियां भी शामिल होंगी।
पार्टी का मकसद संविधान की रक्षा और उसके मूल्यों को लेकर लोगों को जागरूक करना है। इस दौरान अलग-अलग राज्यों में मार्च निकाले जाएंगे। कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया जाएगा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी। लखनऊ के कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी को अहम माना जा रहा है। कांग्रेस इस देशव्यापी आयोजन के माध्यम से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को उठाना चाहती है।
सपा के उम्मीदवार घोषित करने पर इमरान मसूद नाराज, बोले- गठबंधन की बातचीत को गंभीरता से नहीं ले रही पार्टी
समाजवादी पार्टी की ओर से यूपी चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि एक ओर सपा कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत कर रही है, वहीं दूसरी तरफ अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही है। इससे साफ लगता है कि सपा इस बातचीत को गंभीरता से नहीं ले रही है।
इस दौरान मसूद ने शायराना अंदाज में कहा, 'उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, शायद उनकी परवाज बहुत खलती है', बस यही एक जवाब है... कांग्रेस चाहती थी क्यों कह रहे हैं आप, कांग्रेस जब भी जरूरत होगी उम्मीदवार उतारेगी; इसमें बड़ी बात क्या है? अगर आप गठबंधन के बीच में ऐसा करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है। इसका मतलब है कि आपकी तरफ से कोई गंभीरता नहीं है।
उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को अपनी पार्टी के अंदर विचार करना होगा कि सपा के साथ बातचीत आगे जारी रखी जाए या नहीं। मसूद ने सवाल किया कि सपा आखिर भाजपा से मुकाबला करना चाहती है या कांग्रेस से? इस पर फैसला समाजवादी पार्टी को ही करना होगा।
यूपी में 120 सीटों पर कांग्रेस का दावा, सपा ने पहले दिया था 26 सीटों का प्रस्ताव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान बनी हुई है। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के सामने 120 सीटों की मांग रखी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस इस संख्या से कम सीटों पर समझौता करने के मूड में नहीं है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा के साथ बातचीत के दौरान 120 विधानसभा क्षेत्रों की सूची सौंपी है। इस सूची में सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं, जहां सपा पहले ही अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इसके अलावा कांग्रेस ने रायबरेली और अमेठी की कुछ सीटों पर भी अपना दावा जताया है। इन क्षेत्रों में सपा के मौजूदा विधायक होने के चलते दोनों दलों के बीच सहमति बनाना आसान नहीं माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी ने शुरुआत में कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन कांग्रेस इससे सहमत नहीं है। पार्टी का मानना है कि प्रदेश में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने के लिए उसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए।
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव गठबंधन के तहत चुनावी मैदान में उतरने के पक्ष में हैं। फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है। सीटों की संख्या और उम्मीदवारों के चयन को लेकर अंतिम सहमति बनने के बाद ही गठबंधन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.