मुजफ्फरनगर में साइबर ठगी का खेल, 3,648 सिम कार्ड से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश; तीन गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।
- नेटवर्क के जरिए गरीब और जरूरतमंद लोगों के दस्तावेजों पर सिम कार्ड जारी कराए जाते थे।
- सरकारी योजनाओं, राशन, बीमा और NGO से मदद दिलाने का झांसा देकर लोगों की KYC कराई जाती थी।
मुजफ्फरनगर में साइबर ठगी के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो गरीब और जरूरतमंद लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनके नाम पर सिम कार्ड जारी कराता था। इन सिम कार्ड से जुड़े OTP विदेश में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। सरकारी योजनाओं, राशन, बीमा और NGO के माध्यम से मदद दिलाने का भरोसा देकर लोगों की KYC कराई जाती थी। इसके बाद उनके नाम से जारी सिम के OTP 150 से 300 रुपये में कंबोडिया से जुड़े साइबर अपराधियों को बेच दिए जाते थे। साइबर क्राइम पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े अमरोहा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान 3,648 यूनिक सिम कार्ड का पता चला है।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में SSP सूरज कुमार राय ने बताया कि इस गिरोह का खुलासा डिजिटल अरेस्ट के जरिए 20 लाख 94 हजार 900 रुपये की ठगी के मामले की जांच के दौरान हुआ। 15 अक्टूबर को साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को फोन किया और कहा कि उसके नाम पर जारी सिम कश्मीर में आतंकियों के पास मिला है। उन्होंने दावा किया कि इस सिम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में किया गया है।
इसके बाद ठगों ने व्हाट्सएप पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट, गोपनीयता समझौते और सरकारी एजेंसियों के नाम से तैयार किए गए नकली नोटिस भेजकर पीड़ित को डराया। 15 से 23 अक्टूबर तक लगातार नौ दिनों तक उसे डिजिटल अरेस्ट में रखकर गिरफ्तारी और आजीवन कारावास की धमकी दी गई। इस दौरान उससे 20.94 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
SSP के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। तकनीकी जांच के दौरान 49 IMEI नंबरों पर इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और 8,223 सिम कार्ड के डेटा का विश्लेषण किया गया। इसमें 3,648 यूनिक सिम कार्ड सामने आए। इनमें VI के 2,550, एयरटेल के 1,035 और जियो के 63 सिम कार्ड शामिल थे। जांच में पता चला कि ज्यादातर सिम अमरोहा से जारी किए गए थे, जबकि उनसे जुड़े व्हाट्सएप अकाउंट कंबोडिया से संचालित हो रहे थे।
डिस्ट्रीब्यूटर और POS एजेंट भी नेटवर्क में शामिल
SSP सूरज कुमार राय ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क में गिरफ्तार तीनों आरोपियों की भूमिकाएं अलग-अलग थीं। अब्दुल मलिक एयरटेल, VI, जियो और BSNL का POS एजेंट था, जबकि अक्षय कुमार अग्रवाल VI का डिस्ट्रीब्यूटर था। इन दोनों के माध्यम से जारी किए गए सिम कार्ड अंकुश सैनी तक पहुंचते थे।
आरोप है कि अंकुश पुराने मोबाइल फोन खरीदकर उनमें ये सिम कार्ड लगाता था। इसके बाद OTP हासिल कर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को भेज देता था। हर OTP के बदले उसे 150 से 300 रुपये मिलते थे।
डिजिटल अरेस्ट के अलावा कई तरह की ठगी में भी इस्तेमाल होते थे OTP
SSP के अनुसार, जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क के जरिए डिजिटल अरेस्ट के अलावा ई-कॉमर्स, ऑनलाइन गेमिंग, गैस एजेंसी और सोशल मीडिया से संबंधित OTP भी बेचे जाते थे।
इसके अलावा शॉपिंग और इंस्टेंट डिलीवरी कंपनियों के नाम पर ऑर्डर बुक करने के बाद उन्हें कैंसिल कराना और रिफंड की प्रक्रिया का गलत इस्तेमाल करना भी ठगी के तरीकों में शामिल था।
अमरोहा के तीन आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश सैनी निवासी मुकिमपुरा, मंडी धनौरा, अक्षय कुमार अग्रवाल निवासी जयओम नगर और अब्दुल मलिक निवासी नियारियान नगर, जिला अमरोहा के रूप में की है। इनके पास से 10 मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना मुजफ्फरनगर में मुकदमा संख्या 38/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं के साथ IT Act की धारा 66C और 66D के तहत कार्रवाई की गई है।
SSP ने बताया कि मामले में अंकुश सैनी का मौसेरा भाई समेत दो आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों में से एक NGO चलाता है। आरोप है कि वह गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनसे फॉर्म भरवाता था और आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज हासिल करता था। बाद में ये दस्तावेज और जानकारियां अंकुश सैनी को दी जाती थीं, जिनका इस्तेमाल लोगों के नाम पर सिम कार्ड जारी कराने में किया जाता था।
SSP सूरज कुमार राय ने इस कार्रवाई में शामिल साइबर क्राइम टीम को 25 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान SP क्राइम इंदु सिद्धार्थ, साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह और टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.