दरभंगा में आपत्तिजनक पोस्ट मामला: आरोपी पंकज यादव जामनगर से गिरफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गायिका मैथिली ठाकुर के खिलाफ इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के आरोप में दरभंगा के युवक पंकज कुमार यादव को गुजरात पुलिस ने जामनगर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने बताया कि दरभंगा साइबर थाना की टीम आरोपी को लेने के लिए रवाना हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार पंकज कुमार यादव, बहेड़ी थाना क्षेत्र के उजैना गांव का निवासी है। शुक्रवार सुबह उसने “पंकज यादव ऑफिसियल” नाम से संचालित इंस्टाग्राम आईडी पर तीनों के खिलाफ अभद्र फोटो और रील पोस्ट की थी। सामग्री वायरल होते ही एसएसपी ने तुरंत साइबर थाने को एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया। देर शाम साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी के लोकेशन की तलाश शुरू हुई।
जांच में पता चला कि संबंधित इंस्टाग्राम आईडी का लोकेशन गुजरात के जामनगर में ट्रेस हो रहा है। इसके बाद दरभंगा पुलिस ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और साझा अभियान में जामनगर पुलिस ने पंकज को दबोच लिया। गिरफ्तारी की पुष्टि साइबर डीएसपी विपिन बिहारी ने भी की है।
सूत्रों के अनुसार पंकज गुजरात की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और हाल ही में पिता के निधन के कारण कुछ दिनों के लिए दरभंगा आया था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते वह दोबारा गुजरात लौट गया था।
साइबर डीएसपी ने बताया कि आरोपी को दरभंगा लाकर उससे आपत्तिजनक पोस्ट के पीछे की मंशा और अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.