देहरादून में दर्दनाक हादसा, ग्राफिक एरा की BTech छात्रा को मिक्सर ट्रैक्टर ने कुचला; मौत

HIGHLIGHTS
- रविवार रात करीब 8:45 बजे चार खंभा चौक के पास हुआ हादसा।
- हादसे के बाद पुलिस ने मिक्सर ट्रैक्टर कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया।
- मृतका की बड़ी बहन कृतिका रावत ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
देहरादून। क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में ग्राफिक एरा की बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत हो गई। रविवार रात चार खंभा चौक के पास पीछे से आ रहे मिक्सर ट्रैक्टर ने छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
मौके पर मृतका की बड़ी बहन कृतिका रावत मौजूद थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मृतका वैष्णवी रावत (18) पुत्री प्रदीप सिंह रावत, पटेल नगर, शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली की रहने वाली थी। वैष्णवी ग्राफिक एरा में बीटेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:45 बजे क्लेमेंटटाउन थाने को चार खंभा चौक के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि एक मिक्सर ट्रैक्टर ने युवती को टक्कर मार दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को एंबुलेंस से निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कृतिका ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन वैष्णवी के साथ चार खंभा चौक से पैदल अपने कमरे की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए मिक्सर ट्रैक्टर ने वैष्णवी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह ट्रैक्टर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल से मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है।
रात अधिक होने के कारण पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.