दिल्ली: मांडी रोड को नेशनल हाईवे बनाने की मांग, सीएम रेखा गुप्ता ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र

HIGHLIGHTS
- सीएम रेखा गुप्ता ने मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग की।
- सड़क विकास की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंपने के लिए नितिन गडकरी को पत्र लिखा।
- 8.8 किमी लंबी मांडी रोड दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद को जोड़ने वाला अहम मार्ग है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली की प्रमुख सड़क मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर सड़क के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में बताया कि करीब 8.8 किलोमीटर लंबी मांडी रोड दिल्ली-एनसीआर के लिए एक महत्वपूर्ण यातायात मार्ग है। यह सड़क छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास महरौली-गुरुग्राम रोड (एनएच-148ए) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ती है।
उन्होंने कहा कि मांडी रोड दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे प्रमुख क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराती है और अंतरराज्यीय यातायात के सुचारु संचालन में अहम भूमिका निभाती है।
यूटीटीआईपीईसी भी दे चुका है विकास प्रस्ताव को मंजूरी
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में यूटीटीआईपीईसी की 68वीं बैठक का भी उल्लेख किया, जिसमें 27 सितंबर 2023 को मांडी रोड के चौड़ीकरण और व्यापक विकास से जुड़े प्रस्ताव का समर्थन किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क के बढ़ते यातायात दबाव, भविष्य की जरूरतों और एनएच-148ए से इसके सीधे जुड़ाव को देखते हुए इसे एनएचएआई के अंतर्गत लाना जरूरी है।
समयबद्ध विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था का लक्ष्य
रेखा गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर इसके विकास की जिम्मेदारी एनएचएआई को दी जाए। इससे सड़क के लिए बेहतर योजना, आधुनिक इंजीनियरिंग मानकों और समय पर विकास कार्यों को सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस कदम से रोजाना इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही दिल्ली-एनसीआर में परिवहन संपर्क मजबूत होगा और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.