मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा हाईटेक, एटीएस की ड्रोन टीम ने संभाली निगरानी की कमान

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए एटीएस की विशेष ड्रोन टीम तैनात की गई।
- शिव चौक और आसपास के क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी हाईटेक टीथर्ड ड्रोन से की जाएगी।
- सुरक्षा व्यवस्था के तहत शिव चौक पर RAF की 16 सदस्यीय टीम भी तैनात की गई है।
मुजफ्फरनगर: विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा को देखते हुए मुजफ्फरनगर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। शिवभक्तों की सुरक्षा और शिव चौक क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की विशेष ड्रोन टीम सोमवार दोपहर शहर पहुंची।
एटीएस की टीम ने शिव चौक के सामने स्थित एसडी मार्केट की छत पर अत्याधुनिक टीथर्ड ड्रोन का सेटअप तैयार किया है।
24 घंटे होगी निगरानी, पुलिस मुख्यालय से जुड़ा रहेगा ड्रोन
एटीएस सूत्रों के मुताबिक, यह हाईटेक ड्रोन शिव चौक और आसपास के कांवड़ मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी करेगा। इसकी खास बात यह है कि यह सीधे लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय से जुड़ा रहेगा और वहां लाइव वीडियो फीड भेजेगा।
इस व्यवस्था के जरिए शिव चौक क्षेत्र की गतिविधियों पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पुलिस मुख्यालय से भी 24 घंटे नजर रखी जा सकेगी।
रात में भी निगरानी करेगा अत्याधुनिक ड्रोन
टीथर्ड ड्रोन आधुनिक तकनीक से लैस है। इसमें शक्तिशाली लाइट सिस्टम लगाया गया है, जिसकी मदद से रात के समय भी पूरे क्षेत्र की निगरानी संभव होगी।
जरूरत पड़ने पर यह ड्रोन लंबे समय तक हवा में रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में सक्षम है। इससे सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
शिव चौक पर RAF की टीम भी तैनात
कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। शिव चौक पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की 16 सदस्यीय टीम भी तैनात कर दी गई है।
टीम के जवानों की आठ-आठ सदस्यों की दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने में आसानी हो।
मंगलवार को होगा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को एटीएस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशेषज्ञ शिव चौक पहुंच सकते हैं। यहां सुरक्षा इंतजामों का अंतिम निरीक्षण किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.