कलियर में चार बाइकों की भीषण भिड़ंत, तीन युवकों की मौत; छह घायल

HIGHLIGHTS
- टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
- पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
- सिविल अस्पताल में तीन घायलों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
कलियर। कांवड़ पटरी रोड पर शुक्रवार देर रात भीषण हादसा हो गया। यहां चार मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद चारों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही कलियर और रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, तीन युवकों की मौत की पुष्टि हुई है।
हादसे में मृतकों और घायलों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सभी के नाम-पते की जानकारी जुटाने के साथ हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 10:30 बजे रुड़की-कलियर गंगनहर पटरी मार्ग पर बाजूहेड़ी के पास चार बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइकें भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसा होते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर कलियर कोतवाली और सिविल लाइन कोतवाली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने आनन-फानन में सभी घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल भेजा। अस्पताल में गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, छह घायलों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। हादसे में मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। घायलों के बारे में भी जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में ले लिया है। इस दौरान यातायात भी बाधित रहा। पुलिस मृतकों और घायलों के बारे में जानकारी जुटा रही है, ताकि उनके स्वजन को सूचना दी जा सके।
कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की तलाश की जा रही है, ताकि हादसा किस तरह हुआ, इसका पता लगाया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.