कन्नौज: डीजे और बड़ी कांवड़ को लेकर पुलिस-कांवड़ियों में विवाद, हंगामे के बाद कोतवाल ने दिया इस्तीफा

HIGHLIGHTS
- बिलग्राम से आ रहे कांवड़ियों को आगे बढ़ने से पुलिस ने रोका।
- विवाद के दौरान कांवड़िए ने पुलिसकर्मी पर मारपीट का आरोप लगाया।
- बड़ी संख्या में शिवभक्त मौके पर जुटे और निलंबन की मांग की।
कन्नौज: शिवभक्ति के उत्साह के बीच शुक्रवार देर शाम बोर्डिंग मैदान के मुख्य गेट पर डीजे और बड़ी कांवड़ के झंडे को लेकर कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। बिलग्राम से आ रहे कांवड़ियों को पुलिस ने डीजे और बड़ी कांवड़ के साथ आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। अचानक लगाई गई रोक से नाराज कांवड़ियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो कुछ ही देर में हंगामे में बदल गई।
कांवड़िए का आरोप, पुलिसकर्मी ने की पिटाई
प्रदर्शन कर रहे कांवड़ियों का आरोप है कि विवाद के दौरान एक पुलिसकर्मी ने बिलग्राम निवासी कांवड़िया हिमांशु के साथ मारपीट की। घटना के बाद शिवभक्तों में नाराजगी बढ़ गई। बड़ी संख्या में कांवड़िए मौके पर जमा हो गए और सदर कोतवाल के तत्काल निलंबन की मांग करने लगे। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
समझाने पर भी नहीं बनी बात
हंगामे की सूचना मिलने पर एएसपी अजय कुमार, सीओ सदर शिल्पा वर्मा और सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।
स्थिति को देखते हुए बाद में एडीएम देवेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित शिवभक्तों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
बिना जलाभिषेक लौटे कई कांवड़िए, परंपरा बदलने पर नाराजगी
नाराज कांवड़ियों ने कहा कि उनकी यात्रा पिछले 29 वर्षों से इसी मार्ग और स्वरूप में लगातार निकलती रही है। उनका आरोप है कि इस बार अचानक नई परंपरा लागू करते हुए डीजे और बड़ी कांवड़ के झंडे पर रोक लगा दी गई।
श्रद्धालुओं ने इसे अपनी धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए नाराजगी जताई। विवाद के चलते कई कांवड़िए प्रसिद्ध बाबा गौरी शंकर मंदिर में बिना जलाभिषेक किए ही वापस लौट गए। इससे श्रद्धालुओं में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली।
इस्तीफे के ऐलान के बाद माने कांवड़िए
कांवड़ियों का आक्रोश बढ़ने के बाद उन्होंने वापस हरदोई जाने का ऐलान कर दिया। इसी दौरान सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने माइक संभाला और मंच से अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया।
इसके बाद एडीएम देवेंद्र सिंह ने कमेटी के पदाधिकारियों से बातचीत की। बातचीत के बाद कांवड़िए शांत हुए और जलाभिषेक के लिए तैयार हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.