राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: नई SIT ने शुरू की जांच, अधिकारियों ने की वर्चुअल बैठक

HIGHLIGHTS
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गठित नई SIT ने जांच को लेकर सक्रियता शुरू कर दी है।
- SIT अधिकारियों ने वर्चुअल बैठक कर अब तक हुई जांच और पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली।
- टीम अब सबूतों, आरोपियों से पूछताछ और जांच की दिशा की समीक्षा करेगी।
चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए गठित नई एसआईटी ने अभी तक औपचारिक बैठक नहीं की है, लेकिन टीम ने जांच को लेकर अपनी सक्रियता शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, एसआईटी में शामिल तीनों अधिकारियों ने वर्चुअल बैठक कर अब तक हुई जांच और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी ली है।
राम मंदिर की दान पेटिकाओं से चोरी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई को नई एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रदेश सरकार ने 26 जुलाई को नई एसआईटी का गठन किया। इसमें लखनऊ के आईजी किरण एस, अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को शामिल किया गया है।
अब मामले की आगे की विवेचना एसआईटी के पर्यवेक्षण में होगी। टीम अब तक की जांच, आरोपियों से हुई पूछताछ, सामने आए साक्ष्य, संपत्तियों से जुड़े तथ्यों और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा करेगी।
अब तक पर्दे के पीछे से निगरानी कर रहे थे अधिकारी
डीआईजी और एसएसपी पहले भी इस मामले से जुड़े हुए थे। स्थानीय पुलिस इन्हीं अधिकारियों की निगरानी में जांच कर रही थी। पुलिस की कार्रवाई और विवेचना से जुड़े फैसले भी उनके पर्यवेक्षण में लिए जा रहे थे।
हालांकि, पहले उनकी भूमिका केवल पर्दे के पीछे से निगरानी तक सीमित थी। अब नई एसआईटी का हिस्सा बनने के बाद दोनों अधिकारी जांच की निगरानी में औपचारिक रूप से शामिल होंगे।
एसआईटी जुटाएगी अब तक की कार्रवाई की जानकारी
एसआईटी में शामिल होने के बाद तीनों अधिकारियों ने आपसी समन्वय के लिए वर्चुअल बैठक की। इसे जांच को आगे बढ़ाने की दिशा में पहला कदम माना जा रहा है।
अब एसआईटी पहले की गई कार्रवाई का पूरा विवरण जुटाएगी और यह तय करेगी कि जांच में किन पहलुओं पर आगे काम करने की जरूरत है। इसके बाद आवश्यकतानुसार विवेचना की दिशा निर्धारित की जा सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.