मुजफ्फरनगर में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 लाख का माल बरामद; एक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- पुलिस को मुझेडा गांव में नवनिर्माणाधीन घेर में पटाखे बनाने की सूचना मिली थी।
- सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
- समून पुत्र अनवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मुजफ्फरनगर में दीपावली से पहले मीरापुर पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस के अनुसार, मौके से करीब 10 लाख रुपये कीमत के बने और अधबने पटाखों के साथ पटाखा बनाने की सामग्री और उपकरण बरामद किए गए हैं।
गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपराह्न करीब 4:30 बजे SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव मुझेडा में नवनिर्माणाधीन घेर के भीतर कुछ लोग कथित तौर पर अवैध पटाखा फैक्ट्री चला रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मीरापुर के मोहल्ला मुश्तर्क निवासी समून पुत्र अनवर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
SSP ने बताया कि मौके से छह बोरियों में करीब 90 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। इसके अलावा छह कार्टूनों में करीब 171 किलोग्राम पटाखे और एक अन्य कार्टून में 33 पैकेट पटाखे मिले। पुलिस के मुताबिक पटाखे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली गंधक, पोटाश, मिश्रित बारूद, कोयले की राख समेत अन्य सामग्री और उपकरण भी बरामद किए गए। मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी मिला।
पुलिस के अनुसार बरामद पटाखों और अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इस कार्रवाई के संबंध में थाना मीरापुर में मुकदमा अपराध संख्या 162/26 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 288, 125 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसके पिता के नाम पहले पटाखा बनाने का लाइसेंस था, जिसे कई साल पहले निरस्त कर दिया गया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि आगामी दीपावली को देखते हुए पटाखों की मांग बढ़ने की उम्मीद थी। इसी के चलते वह अपने साथियों के साथ कथित तौर पर अवैध तरीके से पटाखे तैयार कर रहा था, ताकि उन्हें बाजार में बेचकर मुनाफा कमाया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.