'16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेगा भारत', अर्जुन सिंह के बयान से मचा हड़कंप

HIGHLIGHTS
- पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह ने बांग्लादेश को लेकर बड़ा बयान दिया है।
- अर्जुन सिंह ने दावा किया कि भारत 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेगा।
- उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं का बदला लेने की बात कही।
कोलकाता। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि भारत 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेगा और पड़ोसी देश में हिंदुओं की हत्याओं का बदला लिया जाएगा।
अर्जुन सिंह का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब शेख हसीना के 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की खबरें सामने आ रही हैं। अवामी लीग ने शेख हसीना की वापसी के लिए बांग्लादेश सरकार से विमान की मांग की है। इस पर बांग्लादेश सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि हसीना को केवल कैदी के तौर पर हथकड़ी लगाकर ही वापस लाया जा सकता है।
16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जे का दावा
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान अर्जुन सिंह ने कहा, 'हम 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे। अब बहुत हो चुका, बांग्लादेश को लेकर अब और कोई बहाना नहीं चलेगा। बांग्लादेश में जिस तरह से हिंदुओं की हत्या की गई है, हम उसका बदला जरूर लेंगे, इसमें कोई शक नहीं है।'
भारत और बांग्लादेश के बीच पहले से ही संबंधों में तनाव बना हुआ है। ऐसे में अर्जुन सिंह के इस बयान ने एक बार फिर दोनों देशों के रिश्तों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
बांग्लादेश ने क्या कहा?
शेख हसीना की स्वदेश वापसी से जुड़ी खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्हें केवल कैदी के रूप में ही वापस आने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए उनके हाथों में हथकड़ी होगी और उन पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
हुमायूं कबीर ने उन खबरों को भी खारिज किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। गौरतलब है कि इसी दिन बांग्लादेश में 'विजय दिवस' मनाया जाता है।
उन्होंने कहा, 'इच्छा और वास्तविकता दो अलग-अलग चीजें हैं। हकीकत यह है कि किसी आतंकवादी को प्रत्यर्पण के अलावा किसी और तरीके से वापस आने की इजाजत कभी नहीं दी जाएगी।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.