तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम विवाद गरमाया, भाजपा और हिंदू संगठनों के 300 लोगों पर केस

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट ने कार्तिगई दीपम पर शाम 6 बजे दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने का निर्देश दिया था।
- भारी पुलिस सुरक्षा के बीच उची पिल्लयार मंदिर में महादीपम जलाया गया।
- याचिकाकर्ता निरंजन एस. कुमार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानबूझकर अवहेलना का आरोप लगाया।
तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम में मंगलवार को भाजपा और हिंदू संगठनों से जुड़े करीब 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने के विरोध में प्रदर्शन करने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
समाचार एजेंसी ANI ने बुधवार को मदुरै पुलिस के हवाले से बताया कि इन 300 लोगों के खिलाफ छह धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इनमें बिना अनुमति गैरकानूनी तरीके से एकत्र होना, सार्वजनिक शांति भंग करना, विवादित बयान देना और सरकारी कर्मचारियों को उनके काम में बाधा पहुंचाना जैसी धाराएं शामिल हैं।
दूसरी ओर, याचिकाकर्ता निरंजन एस. कुमार और भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की जानबूझकर अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उची पिल्लयार मंदिर में दीप जलाकर सरकार ने भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया।
क्या है पूरा मामला?
दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। इसके विरोध में भाजपा और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि कार्तिगई दीपम के अवसर पर शाम 6 बजे इस स्तंभ पर दीप जलाया जाए। हालांकि, भारी पुलिस सुरक्षा और बढ़ते तनाव के बीच दीपाथून के बजाय तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ियों पर स्थित उची पिल्लयार मंदिर के ऊपर वार्षिक महादीपम प्रज्वलित किया गया।
निर्धारित समय से पहले ही दीपाथून के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इसके बाद सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के पुजारियों की एक छोटी टीम ने उची पिल्लयार मंदिर में दीप जलाने की रस्म पूरी की।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना का आरोप
इस घटनाक्रम के बाद अधिवक्ता और हिंदू मुन्ननी के याचिकाकर्ता निरंजन एस. कुमार ने फैसले पर निराशा जताई। उन्होंने राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, 'हमें पूरी उम्मीद थी कि सरकार तिरुप्परनकुंद्रम दीपाथून में दीपक जलाने के लिए तुरंत कदम उठाएगी। हम सभी यहां यह देखने के लिए इकट्ठा हुए थे कि अधिकारी खुद दीपक जलाएंगे। दुर्भाग्य से, शाम 6:02 बजे उच्छी पिल्लयार में हमेशा की तरह दीपक जला दिया गया, जिसका मतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्पष्ट रूप से उल्लंघन हुआ है।'
कोर्ट के निर्देशों का जानबूझकर पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने आगे कहा, 'मैं कहूंगा कि यह सिर्फ आदेश का उल्लंघन नहीं है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की एक सोची-समझी और जानबूझकर की गई अवहेलना है। इसलिए, अब हमारे पास सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दायर करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचा है।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.