लखनऊ में 26 नवंबर को होगी सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की महारैली, 10 लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य

HIGHLIGHTS
- सामाजिक परिवर्तन मोर्चा 26 नवंबर को लखनऊ में महारैली आयोजित करेगा।
- रैली रमाबाई अंबेडकर मैदान में संविधान दिवस के अवसर पर होगी।
- चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी महारैली को संबोधित करेंगे।
लखनऊ। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी। इस रैली को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी संबोधित करेंगे। गठबंधन के गठन के बाद दोनों दलों की यह पहली बड़ी रैली होगी। इसके माध्यम से दोनों पार्टियां आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं।
मंगलवार को लखनऊ प्रेस क्लब में हुई संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य हिमांशु वाल्मीकि ने महारैली की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रैली में दस लाख लोगों को शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में संपर्क और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि दोनों दलों ने 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त रूप से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन की घोषणा की थी। अब पहली महारैली के माध्यम से गठबंधन दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों को एक मंच पर लाने का प्रयास करेगा। रैली में सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकार, शिक्षा, रोजगार, समानता, किसानों की समस्याओं और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इसके साथ ही महारैली में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन की रणनीति और राजनीतिक एजेंडे की भी जानकारी दी जाएगी। संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रदेश महासचिव यशवंत मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ किशोर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित गौतम, जिलाध्यक्ष अजय भारती, प्रदेश मीडिया प्रभारी अर्पित पटेल और जोन मीडिया प्रभारी रविंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.