झारखंड भाजपा ने की 23 जिलाध्यक्षों की घोषणा, महिला और आदिवासी प्रतिनिधित्व को बढ़ावा

झारखंड भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी, महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने शनिवार को पार्टी के 23 संगठनात्मक जिलों में नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों की सूची जारी की। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी ने प्रदेश स्तर पर “संगठन पर्व” अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत पहले प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता अभियान पूरा किया गया, जिसके बाद मंडल और जिला स्तर पर संगठनात्मक चुनाव कराए गए। इस प्रक्रिया के अंतर्गत अब सभी 23 जिलों में जिलाध्यक्षों का चयन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है।
जारी सूची के अनुसार, दुमका से रूपेश मंडल, पाकुड़ से सरिता मुर्मू, जामताड़ा से सुमित शरण, देवघर से सचिन रवानी, गोड्डा से लक्ष्मी चक्रवर्ती, साहेबगंज से गौतम यादव, धनबाद ग्रामीण से मोहन कुंभकार और धनबाद महानगर से श्रवण राय को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं गिरिडीह महानगर से रंजीत कुमार राय, गिरिडीह ग्रामीण से महेंद्र वर्मा, हजारीबाग से विवेकानंद सिंह, चतरा से रामदेव भोक्ता, रामगढ़ से संजीव कुमार, रांची महानगर से वरुण साहू, रांची पूर्वी से विनय महतो धीरज और रांची पश्चिमी से नरेंद्र सिंह को संगठन की कमान सौंपी गई है।
इसके अलावा गुमला से सागर उरांव, सिमडेगा से दीपक पुरी, पलामू से अमित तिवारी, लातेहार से बंशी यादव, चाईबासा से गीता बालमुचू, चक्रधरपुर से दीपक पासवान तथा सरायकेला-खरसावां से हरे कृष्ण प्रधान को जिलाध्यक्ष चुना गया है।
डॉ. वर्मा ने बताया कि संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए रांची ग्रामीण जिले को पूर्वी और पश्चिमी दो भागों में विभाजित किया गया है। साथ ही चक्रधरपुर और गिरिडीह ग्रामीण को नए संगठनात्मक जिलों के रूप में जोड़ा गया है, जिससे पार्टी की जमीनी पकड़ और अधिक सशक्त होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक संतुलन और महिला सशक्तिकरण को विशेष महत्व दे रही है। इसका प्रमाण यह है कि चुने गए 23 जिलाध्यक्षों में तीन महिलाएं शामिल हैं, जबकि चार अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति और एक अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। इसके साथ ही संगठनात्मक अनुभव और निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से आठ जिलाध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.