त्विषा शर्मा केस में सीबीआई की जांच जारी, 60 दिन और देने की मांग

HIGHLIGHTS
- त्विषा शर्मा की मौत के मामले में सीबीआई ने अदालत से 60 दिन का अतिरिक्त समय मांगा।
- गुरुवार को भोपाल की जिला एवं सत्र अदालत में आवेदन पेश किया गया।
- अदालत ने सीबीआई से पिछले 90 दिनों की जांच का पूरा विवरण मांगा है।
भोपाल। त्विषा शर्मा की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आगे की जांच पूरी करने के लिए अदालत से 60 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है। गुरुवार को भोपाल की जिला एवं सत्र अदालत में जांच एजेंसी ने इस संबंध में आवेदन दाखिल किया। हालांकि, अदालत ने सीबीआई को पहले बीते 90 दिनों में की गई जांच का पूरा विवरण पेश करने का निर्देश दिया है।
मामले की सुनवाई अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (एडीजे) पल्लवी द्विवेदी की अदालत में हुई। त्विषा के माता-पिता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता ने बताया कि सीबीआई ने जांच पूरी करने के लिए 60 दिन का अतिरिक्त वक्त मांगा है। इस पर अदालत ने एजेंसी से पिछले 90 दिनों के दौरान की गई जांच का ब्योरा प्रस्तुत करने को कहा है।
डीवीआर और आईफोन की फोरेंसिक जांच अब भी बाकी
सीबीआई ने अपने आवेदन में बताया कि मामले में 18 अगस्त 2026 को चार्जशीट दाखिल की गई थी। इसके साथ ही आगे की जांच के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध भी किया गया था, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी थी।
त्विषा के घर में लगे डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) और सीसीटीवी फुटेज की फोरेंसिक जांच अभी पूरी नहीं हुई है। इसके जरिए फुटेज की निरंतरता की पुष्टि करने के साथ ही कथित छेड़छाड़ की जांच की जानी है। इसके अलावा त्विषा के आईफोन से डेटा निकालने के लिए दिल्ली स्थित केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सीबीआई के अनुसार, इन जांचों के पूरा होने के बाद मामले से जुड़े तथ्यों की आगे पड़ताल की जा सकेगी।
अलग सेल की मांग पर जेलर ने अदालत में दी रिपोर्ट
मामले के आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की ओर से भोपाल जेल में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अलग-अलग सेल उपलब्ध कराने की मांग भी की गई थी। उनके वकीलों ने 14 नवंबर को अदालत में इस संबंध में आवेदन पेश किया था।
अधिवक्ता के मुताबिक, इस आवेदन पर जेलर ने अदालत में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। जेल मैनुअल के प्रावधानों के अनुसार दोनों आरोपियों के लिए व्यवस्था की गई है।
बता दें कि त्विषा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके पति के घर पर मौत हो गई थी। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.