खतौली: सरदार आलम हत्याकांड का 40 घंटे में खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दोनों आरोपी मोहल्ला काजियान के निवासी हैं
- 28 अगस्त की शाम दोनों को गिरफ्तार किया गया
- गिरफ्तारी बालाजीपुरम के सामने गंगनहर पटरी से हुई
मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र में 26 अगस्त को हुए सरदार आलम हत्याकांड का पुलिस ने 40 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने हत्या में शामिल दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सालिम (24) और शाहजेब उर्फ जादू (29), पुत्र सरताज उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। दोनों खतौली के मोहल्ला काजियान के रहने वाले हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 28 अगस्त को शाम करीब 4:50 बजे बालाजीपुरम के सामने गंगनहर पटरी से दोनों को गिरफ्तार किया।
शनिवार दोपहर करीब 1 बजे सीओ रूपाली राय चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी।
मारपीट और गाली-गलौज का बदला लेने के लिए हत्या
26 अगस्त की शाम करीब 5 बजे आरोपी कल्लू और उसके दो बेटे सरदार आलम को घर से बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि उन्होंने सरदार आलम पर चाकू से हमला किया और उसे घायल अवस्था में छोड़कर वहां से फरार हो गए। सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़े सरदार आलम को स्थानीय लोगों ने देखा और तुरंत ई-रिक्शा से खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सरदार आलम के पिता जलीम ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
गाली-गलौज के विवाद में किया था हमला
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि चाय की दुकान पर उनके पिता सरताज उर्फ कल्लू के साथ सरदार आलम ने कथित तौर पर गाली-गलौज और हाथापाई की थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए उन्होंने सरदार आलम पर हमला किया। आरोपी सालिम ने चाकू से वार करने की बात कबूल की है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र बघेल, वरिष्ठ उपनरीक्षक राजकुमार बालियान, उपनिरीक्षक संजय तोमर समेत थाना खतौली पुलिस और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.