कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ पुलिस का रूट प्लान तैयार, 29 जुलाई से भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

HIGHLIGHTS
- कांवड़ यात्रा को देखते हुए मेरठ पुलिस ने 29 जुलाई से 12 अगस्त तक रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया।
- दिल्ली-देहरादून हाईवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।
- कांवड़ियों की सुविधा के लिए कई हाईवे लेन आरक्षित की जाएंगी और वाहनों के रूट बदले जाएंगे।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए मेरठ पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (गाजियाबाद से मेरठ दिशा में) और कांवड़ यात्रा नहर पटरी यानी चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यह व्यवस्था 29 जुलाई की रात 12 बजे से 12 अगस्त तक लागू की जा सकती है। वहीं, पांच अगस्त की रात से 12 अगस्त की रात तक दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हरिद्वार-मुजफ्फरनगर-मेरठ दिशा में यातायात पूरी तरह बंद किया जा सकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले वाहनों का रूट भी बदला जाएगा।
एनएच-68 पर हल्के वाहनों के लिए टू-वे व्यवस्था
एनएच-68 पर दो अगस्त की आधी रात से हल्के और मध्यम वाहन मेरठ-मुजफ्फरनगर-हरिद्वार दिशा में बाईं लेन से टू-वे चलेंगे। इस मार्ग की दाहिनी लेन हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी।
गाजियाबाद से आने वाले वाहन यूपी गेट होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-09 से डासना इंटरचेंज पहुंचेंगे। यहां से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए राई होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-01 पर सोनीपत, पानीपत, करनाल और सहारनपुर बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-344 से छुटमलपुर (सहारनपुर) होते हुए उत्तराखंड की ओर जाएंगे।
हाईवे की एक लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी
30 जुलाई से 28 अगस्त तक दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। सावन महीने के दौरान प्रत्येक शुक्रवार रात से सोमवार रात आठ बजे तक दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाली हाईवे लेन केवल कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी।
मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाली लेन पर छोटे वाहन दोनों दिशाओं में निर्धारित गति से चल सकेंगे। वहीं, भारी वाहनों का रूट परिवर्तित किया जाएगा।
ऐसे किया जाएगा रूट डायवर्जन
दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के रास्ते आने वाले वाहनों को डासना से पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए खेकड़ा इंटरचेंज से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। यहां से वाहन देहरादून और सहारनपुर की दिशा में जा सकेंगे।
दिल्ली से आने वाले वाहन वजीराबाद पुल, आउटर रिंग रोड, कुंडली और राई होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-01 से सोनीपत, पानीपत, करनाल, यमुनानगर होते हुए सहारनपुर और उत्तराखंड की ओर जाएंगे।
दिल्ली से मुरादाबाद जाने वालों के लिए नया रूट
दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को यूपी गेट और गाजीपुर बॉर्डर से डासना इंटरचेंज होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन कोट गांव दादरी (गौतम बुद्ध नगर) होते हुए आगे बढ़ेंगे।
गंगा एक्सप्रेसवे के सिंभावली कट से वाहनों को नीचे उतारा जाएगा। इसके बाद वाहन हापुड़-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-09) से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
वहीं, जिन वाहनों को गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा और हरियाणा की ओर जाना है, वे राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.