मेरठ: थाने में बातचीत के दौरान बिगड़ी तबीयत, व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत

मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र में जमीन से जुड़े पैसों के विवाद को सुलझाने थाने पहुंचे एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान ही उसे हार्ट अटैक आया, जिसके बाद पुलिस उसे अस्पताल ले गई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। इस घटना से परिवार में गहरा शोक है।
सूत्रों के अनुसार, शाहजहांपुर निवासी शराहत उल्ला खान ने गांव के मोहल्ला कुरैशियान निवासी चांद से करीब 10 बीघा जमीन खरीदी थी। पूरी रकम का भुगतान हो चुका था और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया भी पूरी हो गई थी। इसी जमीन में चांद के भाई महबूब का भी हिस्सा बताया जाता है।
आरोप है कि खरीदार शराहत उल्ला ने महबूब को 13 लाख रुपये का चेक दिया था, लेकिन बाद में महबूब ने चेक के बजाय नकद भुगतान की मांग कर दी। आगे चलकर शराहत उल्ला की ओर से उन्हें ढाई लाख रुपये की जमीन और 2.75 लाख रुपये नकद भी दिए जाने की बात सामने आई। इसके बावजूद शेष राशि को लेकर विवाद बना रहा और महबूब द्वारा चेक लौटाने से इनकार करते हुए पूरी रकम नकद में मांगने की बात कही गई।
इसी विवाद को लेकर मामला थाने तक पहुंचा था, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए शुक्रवार को बुलाया था। थाने के बाहर शुरू हुई बातचीत बाद में अंदर तक पहुंची।
इसी दौरान महबूब थाने में बेंच पर बैठे हुए अचानक बेहोश हो गए और उन्हें दौरा पड़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें ई-रिक्शा से नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजन अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.