मुजफ्फरनगर: पहचान छिपाकर शादी का आरोप, पीड़िता ने SSP से लगाई न्याय की गुहार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में मध्य प्रदेश की एक युवती ने युवक पर पहचान छिपाकर शादी, मारपीट और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।
- पीड़िता ने SSP कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच, मेडिकल परीक्षण और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
- युवती का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे बेचने का प्रयास भी किया गया।
मुजफ्फरनगर। मध्य प्रदेश की रहने वाली एक युवती ने मुजफ्फरनगर में एक मुस्लिम युवक पर पहचान छिपाकर शादी करने, मारपीट करने, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और बेचने की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस कार्यालय पहुंची और SSP के नाम प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच, मेडिकल परीक्षण और मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात मध्य प्रदेश के उमरपानी क्षेत्र में गुड़ का काम करने आए एक युवक से हुई थी। युवती का आरोप है कि युवक ने अपना नाम अजय उर्फ अज्जू बताकर उससे दोस्ती की और बाद में गुरुग्राम के एक मंदिर में ले जाकर हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। युवती ने बताया कि शादी के दौरान उसकी मांग में सिंदूर भी भरा गया, जिसके बाद दोनों गाजियाबाद में किराये के मकान में रहने लगे।
युवती का आरोप है कि कुछ समय बाद युवक उसे अपने पैतृक गांव खामपुर, थाना छपार क्षेत्र लेकर आया। वहां पहुंचने के बाद उसे जानकारी हुई कि युवक का असली नाम अजरूल अंसारी है और वह मुस्लिम समुदाय से है। पीड़िता का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो युवक, उसकी मां और परिवार की अन्य महिलाओं ने उसके साथ मारपीट की और उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का प्रयास किया गया। किसी तरह वहां से निकलने के बाद उसने पुलिस से मदद लेने का प्रयास किया, लेकिन उसे राहत नहीं मिली।
अब युवती ने SSP को शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.