मुजफ्फरनगर: घरेलू बैल के हमले में किसान घायल, ऑपरेशन के बाद हालत स्थिर

HIGHLIGHTS
- बुढ़ाना क्षेत्र के कुरथल गांव में घरेलू बैल के हमले से किसान गंभीर घायल हुआ।
- किसान सुधीर शर्मा के सिर में चोट लगी और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
- ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने किसान की हालत स्थिर बताई है।
मुजफ्फरनगर: बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के गांव कुरथल में गुरुवार सुबह एक किसान पर उसके ही घरेलू बैल ने हमला कर दिया। बैल के हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद अब उसकी हालत स्थिर है।
घायल किसान की पहचान गांव कुरथल निवासी सुधीर शर्मा पुत्र रामबीर शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि बैल की टक्कर लगने से सुधीर शर्मा के सिर में चोट आई, जिसमें सात टांके लगाए गए। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों को ऑपरेशन करना पड़ा, जिसमें 16 टांके लगाए गए।
जानकारी के अनुसार, सुधीर शर्मा रोजाना की तरह अपने घरेलू बैल को बुग्गी में जोतकर खेत जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बैल बिदक गया और उसने किसान पर हमला कर दिया। बैल की जोरदार टक्कर से सुधीर शर्मा जमीन पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अंडकोष का ऑपरेशन किया।
डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने के कारण सुधीर शर्मा की हालत अब स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.