मुजफ्फरनगर में छाई 'ग्रीन कांवड़', शिवभक्त ने 1100 पौधे लगाने का लिया संकल्प

HIGHLIGHTS
- दिल्ली निवासी शिवभक्त सोनू ने स्कूटी को पौधों और हरियाली की थीम से सजाया।
- गुरुवार शाम शिव चौक पहुंचने पर उनकी अनोखी कांवड़ देखने के लिए लोग जुटे।
- हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक करीब 600 पौधे लोगों को बांट चुके हैं सोनू।
मुजफ्फरनगर: श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा में इस बार धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिल रहा है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे दिल्ली निवासी शिवभक्त सोनू अपनी अनोखी कांवड़ के माध्यम से लोगों को पेड़-पौधे लगाने और हरियाली बचाने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
गुरुवार शाम करीब 5 बजे जब सोनू शिव चौक पहुंचे तो उनकी कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई। उन्होंने अपनी स्कूटी को पूरी तरह हरी घास, पौधों और हरियाली की थीम से सजाया हुआ है। इसके साथ ही सोनू ने भी ग्रीन ग्रास जैसी विशेष पोशाक पहन रखी है, जिससे उनकी कांवड़ दूर से ही अलग नजर आ रही है।
मुजफ्फरनगर पहुंचने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उनकी इस अनोखी पहल को देखने के लिए रुकते दिखाई दिए।
1100 पौधे लगाने का लिया संकल्प
शिवभक्त सोनू ने बताया कि इस बार उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान 1100 पौधे लगाने और लोगों को वितरित करने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक वह करीब 600 पौधे लोगों को दे चुके हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी टीम के दो अन्य सदस्य एक अलग वाहन में पौधे लेकर उनके साथ चल रहे हैं। जहां से भी उनकी कांवड़ गुजर रही है, वहां लोगों को पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
पेड़ लगाने को लेकर दिया संदेश
सोनू का कहना है कि जिस तरह परिवार में शादी के समय नया कमरा बनाया जाता है, उसी तरह अगर एक पेड़ काटा जाता है तो उसकी भरपाई के लिए कम से कम दस नए पौधे लगाए जाने चाहिए।
उनका मानना है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण छोड़ना सभी की जिम्मेदारी है।
आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कांवड़ यात्रा में जहां अलग-अलग तरह की झांकियां और डीजे कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं, वहीं सोनू की हरियाली थीम वाली कांवड़ धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंचा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.