मुजफ्फरनगर में चलती गाड़ियों पर खतरनाक स्टंट, VIDEO वायरल; पहचान में जुटी पुलिस

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में स्टंटबाजी का वीडियो वायरल।
- शिव चौक-रुड़की रोड पर खतरनाक हुड़दंग।
- पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू की।
मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर में कुछ युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में खुली जीप, लग्जरी कारों और बाइकों के काफिले में सवार युवक चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर जोखिम भरे स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। यह मामला शहर के शिव चौक और रुड़की रोड क्षेत्र का बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5:45 बजे खुली जीप, चार लग्जरी कारों, एक ट्रैक्टर और दर्जनों बाइकों का काफिला शहर से रुड़की रोड की ओर रवाना हुआ। इस दौरान कई युवक कारों की खिड़कियों से आधा शरीर बाहर निकालकर वीडियो बनाते और स्टंट करते नजर आए, जबकि कुछ युवक खुली जीप के ऊपर खड़े होकर हुड़दंग करते दिखाई दिए।
वायरल वीडियो में यह काफिला शहर के व्यस्त और संवेदनशील शिव चौक से भी गुजरता नजर आता है। उस समय सड़क पर भारी भीड़ मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद युवकों की स्टंटबाजी जारी रही। इस तरह की हरकतें न केवल स्टंट करने वालों के लिए, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों और कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा साबित हो सकती थीं।
पुलिस की मौजूदगी में गुजरा काफिला
वीडियो में काफिला रुड़की रोड पर पुलिस की मौजूदगी के बीच गुजरता दिखाई देता है। हालांकि, मौके पर स्टंटबाजी रोकने के लिए किसी तत्काल कार्रवाई के संकेत वीडियो में नजर नहीं आते। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए संबंधित युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो के आधार पर जांच जारी
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। काफिले में शामिल वाहनों और स्टंट करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। पहचान पूरी होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.