मुजफ्फरनगर: बाइक निकालने को लेकर विवाद में युवक और पत्नी पर हमला
By Hitesh — July 23, 2026

HIGHLIGHTS
- चौकड़ा गांव में बाइक निकालने को लेकर विवाद के बाद युवक और पत्नी पर हमला।
- पीड़ित ने तमंचे और रॉड से हमला करने का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी।
- पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाईं।
Author: — Dainik Dehat
मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव चौकड़ा में बाइक निकालने को लेकर हुआ विवाद देर रात मारपीट और हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक युवक और उसकी पत्नी के साथ हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के मुताबिक, रात करीब नौ बजे कसौली गांव के कुछ युवक अन्य लोगों के साथ चौकड़ा पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने अरविंद कुमार और उनके परिवार के साथ मारपीट की। हमलावरों के पास तमंचे और लोहे की रॉड होने की बात कही गई है। पीड़ित पक्ष ने गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
तहरीर में बताया गया है कि अरविंद कुमार को गोली लगने की बात कही गई है। इसके अलावा लोहे की रॉड से उनके सिर और हाथ पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी मीना, तनिष और तनु के साथ भी मारपीट का आरोप है।
घटना की जानकारी यूपी-112 पर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव ने बताया कि बाइक निकालने को लेकर दोनों पक्षों के युवकों के बीच पहले विवाद हुआ था। रात में मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि घायल अरविंद का मेडिकल कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार अभी तक किसी भी व्यक्ति के गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.