मुजफ्फरनगर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग, चार हिरासत में

HIGHLIGHTS
- शादी समारोह से शुरू हुआ पुराना विवाद फिर सामने आया।
- विवाद सुलझाने के लिए युवकों को घर बुलाया गया था।
- घटनास्थल से तमंचा और कारतूस मिलने की जानकारी।
मुजफ्फरनगर: भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीताबपुरी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच मारपीट के साथ फायरिंग भी हुई। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत पिछले साल एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। घटना में घायल दो युवकों को पुलिस ने अस्पताल में उपचार कराने के बाद हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महाराज नगर निवासी मोहित पुत्र राजेश ने बताया कि पिछले साल हरिद्वार में आयोजित एक शादी समारोह में मोहित (मंडावर, बिजनौर), शिवम, कार्तिक और जीवन (सीताबपुरी) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रविवार दोपहर शिवम, कार्तिक और जीवन ने विवाद सुलझाने के लिए मोहित (मंडावर), मोहित (महाराज नगर), नीरज (महाराज नगर) और सुशांक (बजरीवाला, कनखल, हरिद्वार) को अपने घर बुलाया था।
आरोप है कि एक पक्ष के युवक वहां पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर पथराव कर दिया और फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मोहित और सुशांक को पकड़कर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को भोपा अस्पताल ले जाकर उपचार कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक और क्षेत्राधिकारी लक्ष्मण वर्मा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक देहात अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि सीताबपुरी गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की सूचना मिली थी। मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.