मुजफ्फरनगर पुलिस ने नकली नोटों से ठगी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- नकली नोटों की गड्डियां देकर व्यापारी से 13 लाख रुपये ठगने वाले गिरोह का खुलासा।
- पुलिस ने राजस्थान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, नकली और असली नकदी बरामद की।
- गिरोह का मुख्य सरगना अभी फरार है, पुलिस तलाश में जुटी है।
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने नकली नोटों की डिलीवरी के जरिए व्यापारी से ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा किया है। आरोपियों ने दिल्ली में 15 लाख रुपये पहुंचाने के नाम पर नकली नोटों की गड्डियां थमा दीं और व्यापारी से 13 लाख रुपये की असली रकम लेकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नकली नोट तैयार करने वाला गिरोह का मुख्य आरोपी अभी फरार है।
शुक्रवार अपराह्न करीब 4 बजे एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सिविल लाइन निवासी व्यापारी संदीप कुच्छल का दिल्ली के एक कारोबारी से लेन-देन चलता है। कुछ समय पहले आरके शर्मा नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया और कमीशन लेकर सुरक्षित तरीके से नकदी पहुंचाने की बात कही। शुरुआती कुछ लेन-देन सही होने के कारण व्यापारी को उस पर विश्वास हो गया।
इसके बाद व्यापारी ने दिल्ली भेजने के लिए 15 लाख रुपये की नकदी की डिलीवरी तय की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने असली नोटों की जगह गड्डियों के ऊपर और नीचे 500-500 रुपये के असली नोट लगाए और बीच में कागज भरकर सील पैक गड्डियां तैयार कर दीं। वहीं, दूसरी ओर व्यापारी से 13 लाख रुपये की असली नकदी ले ली गई। डिलीवरी खोलने के बाद पूरा मामला सामने आया।
मामले की जांच एसओजी और कोतवाली नगर पुलिस कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान तक आरोपियों का पीछा किया और श्रीगंगानगर निवासी ब्रह्मदेव, बीकानेर निवासी श्रीराम उर्फ सुनील और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13 लाख रुपये की असली नकदी और 15 लाख रुपये के 500-500 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी पहचान बनाकर पहले लोगों का भरोसा जीतने और फिर नकली नोटों की डिलीवरी के जरिए ठगी करने की बात स्वीकार की है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.